नवगछिया । नवगछिया पुलिस ने नगरह दुर्गा मंदिर में शुक्रवार को 13 वर्षीय लड़की से शादी कर रहे दूल्हा सहित पांच बाराती को गिरफ्तार कर लिया। जबकि शादी करवाने वाली मौसी और भाभी पुलिस को देखते ही फरार हो गई।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गिरफ्तार बारातियों में दूल्हा श्याम कुमार (30 वर्ष) पिता बीरो यादव, बाराती सोनू कुमार, मनीष कुमार यादव, शशि कांत यादव, घर धुरिया क्लासन चौसा मधेपुरा और बहनोई वकील यादव, सहरसा शामिल हैं। नवगछिया थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर भारत भूषण ने बताया कि लड़की पसराहा की है, जिसे उसके पिता ने छोड़ दिया है लड़की की मां ने दूसरी शादी कर ली है। लड़की अपने नाना के घर नगरह में रहती है।
ग्रामीणों ने बताया कि लड़की की मौसी और भाभी लड़की का भार उतारने के लिए नाबालिग लड़की की शादी 30 वर्ष के लड़के से करवा रही थी। नगरह दुर्गा मंदिर में जब शादी होने लगी तो लड़की को नाबालिग देख ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। इसपर लड़की की मौसी ने उन्हें धमकाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज को इसकी सूचना दी। एसपी के निर्देश पर नवगछिया थानाध्यक्ष, महिला दारोगा जूही, चन्दन कुमार ने जाकर दूल्हा सहित बारातियों को गिरफ्तार कर लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि दरोगा गणेश यादव के बयान पर नवगछिया थाने में प्राथमिकी दर्ज कर दूल्हा सहित बारातियों को जेल भेजा जा रहा है। लड़की की मौसी और भाभी की शादी में भूमिका की जांच की जायेगी।

