नवगछिया। नवगछिया पुलिस जिले में शराब के नशे में आपसी विवाद के बाद एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक सब-इंस्पेक्टर ने अपने ही साथी पीटीसी जवान पर चाकू से हमला कर दिया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले में नवगछिया की एसपी प्रेरणा कुमार ने दोनों पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!घटना 6 फरवरी की सुबह करीब 9 बजे की बताई जा रही है। जानकारी के अनुसार सब-इंस्पेक्टर जयराम मांझी और पीटीसी जवान विशाल कुमार सिंह के बीच लंबे समय से पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को दोनों शराब के नशे में थे, इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और जयराम मांझी ने गुस्से में आकर विशाल कुमार सिंह पर चाकू से हमला कर दिया।
हमले में विशाल कुमार सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही नवगछिया पुलिस मौके पर पहुंची और घायल जवान को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार फिलहाल उनकी स्थिति स्थिर बनी हुई है और खतरे से बाहर हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम का गठन किया गया। जांच में दोनों के शराब सेवन की पुष्टि हुई है। ब्रेथ एनालाइजर जांच के आधार पर नवगछिया थाना में कांड संख्या 48/26 और 49/26 दर्ज किया गया। वहीं घायल जवान के बयान पर कांड संख्या 50/26 दर्ज करते हुए आरोपी दरोगा जयराम मांझी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
इसके साथ ही दोनों पुलिसकर्मियों के मेडिकल परीक्षण के लिए ब्लड सैंपल भी लिए गए हैं। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की रिपोर्ट के बाद एसपी प्रेरणा कुमार ने दोनों को निलंबित कर उनके खिलाफ विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई शुरू करने का आदेश दिया है।













