नवगछिया । खरीक थाना क्षेत्र के गोटखरीक गांव की ग्रामीण सड़क पर बुधवार की सुबह बदमाशों ने पटना से अनार लोड कर भागलपुर जा रहे दो पिकअप चालक से लूटपाट की। चालक पटना जिले के धनरूआ थाना क्षेत्र अंतर्गत मंझनपुरा गांव निवासी कृष्णा कुमार और पटना जिले के अगमकुआं थाना क्षेत्र अंतर्गत पहाड़ीपुर निवासी सुजीत कुमार हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक कर हथियार दिखाकर पिकअप को रोक दिया। वाहन रुकते एक बाइक पर सवार दो अपराधियों ने चालक के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसी बीच दो अन्य अपराधी भी पैदल आए। इसके बाद चारों अपराधियों ने मिलकर दोनों पिकअप चालक के पॉकेट से तीन हजार रुपये नगद व मोबाइल और दूसरे पिकअप चालक से 13 हजार रुपये नगद लूट लिए।
इसके बाद एक वाहन से 10-10 किलो वाली अनार की पांच पेटी और दूसरे से तीन पेटी अनार लूट लिए। बदमाश मोबाइल और दोनों चालकों का आधार कार्ड भी लेकर भाग गए। पीड़ित चालकों ने घटना की जानकारी खरीक पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार, पीएसआई सौरभ कुमार सिंह दलबल के साथ घटना स्थल पहुंचे।

छापेमारी कर घटनास्थल से कुछ दूरी पर स्थित एक बासा के पास छिपाकर रखी गई आठ पेटी अनार और पंचायत भवन के पास से बदमाशों की बाइक बरामद कर ली। मामले को लेकर पीड़ित चालक ने थाना में केस दर्ज कराया है। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि मामले की प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना में शामिल सभी बदमाशों और उन्हें सहयोग करने वाले अन्य लोगों की भी पहचान कर ली गई है। शीघ्र ही सभी बदमाश पुलिस की गिरफ्त में होंगे।













