नवगछिया : खरीक थाना के कठेला गांव के समीप स्थित विद्युत उपकेंद्र के पास कठेला निवासी एक व्यक्ति के निजी रैयती जमीन को हड़पने के इरादे से रविवार की देर रात बड़ी संख्या में दबंग पूरे परिवार के साथ पहुंचे एवं देर रात से ही उक्त जमीन पर झुग्गी-झोपड़ी बनाना शुरू कर दिया। सोमवार की सुबह जब गांव के लोग मार्निंग वॉक के लिए निकले तो मामले की जानकारी जमीन मालिक को दी। जिसके बाद जमीन मालिक ने पूरे घटना की जानकारी खरीक पुलिस एवं सीओ को दी। इसके बाद खरीक सीओ प्रवीण वत्स, बिहपुर सर्किल इंस्पेक्टर महेश कुमार, खरीक थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार, जेएसआई विक्रम कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस जवान घटनास्थल पर पहुंचे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जमीन पर कब्जा जमा रहे दबंगों से सीओ ने जमीन से संबंधित कागजात की मांग की तो दबंगों ने बताया कि यह सीलिंग की जमीन है और हमलोगों को भूदान में मिली है, किन्तु, सीओ के समक्ष कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद सीओ एवं थानाध्यक्ष ने सभी लोगों से कहा कि जमीन संबंधित कागजात लेकर आइए। इसके बाद आपको लीगल तरीके से कब्जा दिलाया जाएगा।
अभी जमीन को खाली कीजिए। किन्तु, जमीन को खाली करने के बजाय सभी लोग पदाधिकारियों से उलझने लगे। बिगड़ती स्थिति को देखते हुए थानाध्यक्ष ने अतिरिक्त महिला-पुरूष पुलिस बलों को बुलाया। जिसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखाई तो सभी लोगों ने जमीन को खाली किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अबतक जमीन मालिक द्वारा थाना में किसी प्रकार का आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन देने के पश्चात विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।














