नवगछिया : परवत्ता थाना क्षेत्र के जगतपुर गांव से जपतैली गांव जाने वाले रास्ते पर एक बासा के पास मंगलवार की रात अज्ञात अपराधियों ने गांव के ही जयकृष्ण यादव के पुत्र 23 वर्षीय सुजीत कुमार यादव की गोली मार कर हत्या कर दी है. विरोध में स्थानीय लोगों ने आधे घंटे तक विक्रमशिला सेतु पथ को जगतपुर गांव के पास जाम कर दिया. मामले की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे नवगछिया के एसडीपीओ दिलीप ने ग्रामीणों को समझा बुझा कर जाम हटवाया. एसडीपीओ ने ग्रामीणों को तत्काल हत्यारों की गिरफ्तारी करने का आश्वासन दिया है. मृतक युवक के शव को देख कर प्रतीत हो रहा है कि अपराधियों ने एक गोली उसके सीने में और एक गोली कनपटी में मारी है.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!युवक का पूरा शरीर धूल धूसरित है. जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि अपराधियों ने हत्या से पूर्व युवक को जमीन पर घसीटा है और मारपीट भी की है. परवत्ता पुलिस का कहना है कि स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर वे लोग घटना स्थल पर पहुंचे तो देखा कि युवक घायल अवस्था मे कराह रहा था. पुलिस वाहन से ही उसे नवगछिया अनुमंडल अस्पताल भेजा गया. जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मृतक के परिजन हत्या के संदर्भ में कुछ भी नहीं बता रहे हैं.
मृतक के भाई अजीत कुमार ने कहा कि रात में गांव में सूचना फैली कि उसके भाई की हत्या कर दी गयी है लेकिन जब तक वे घटना स्थल पर पहुंचे तब तक पुलिस शव को उठा चुकी थी. मृतक की भाभी कल्पना देवी ने बताया कि सुजीत अक्सर अपने बासा पर रह कर ही मवेशियों की देख भाल करते थे. मंगलवार को वे घर भी नहीं आये थे. रात का खाना खाने वे घर आने वाले थे लेकिन उससे पूर्व ही अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी. हत्या क्यों की गयी यह बताने में वह सक्षम नहीं थी.

युवक का पोस्टमार्टम बुधवार को सुबह किया जाएगा. फिलहाल अनुमंडल अस्पताल में ही मृतक का शव रखा गया है. परवत्ता थाना के थनाध्यक्ष रामचंद्र यादव ने कहा कि घायल अवस्था मे युवक को अस्पताल भेजा गया था, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया. मामले की छानबीन और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गयी है. जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
चार भाइयों में सबसे छोटा था सुजीत
सुजीत अपने चार भाइयों में सबसे छोटा था. मृतक के तीनों भाई राहुल कुमार, रोहित कुमार, अजीत कुमार घटना के बाद गहरे सदमे में हैं. देर रात तक सभी अनुमंडल अस्पताल पहुंच चुके थे. मृतक के परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है.













