नारायणपुर प्रखंड के भोजूटोल गांव के समीप हुई घटना, देर शाम तक नहीं मिला सुराग
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!नारायणपुर : प्रखंड के भवानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत भोजूटोल गांव के समीप कोसी नदी की एक उपधारा में शनिवार को 13 वर्षीय बालक मिथुन कुमार डूब गया। बालक की पहचान नारायणपुर निवासी फुटुक यादव के पुत्र के रूप में हुई है। घटना के बाद से वह लापता है और उसकी तलाश लगातार जारी है।
जानकारी के अनुसार, मिथुन कुमार शनिवार को अपने घर से बासा जा रहा था। इस दौरान कंककला बहियार स्थित उपधारा को पार करते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूब गया।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण, गोताखोर और सामाजिक कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। काफी प्रयासों के बावजूद देर शाम तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। समाचार लिखे जाने तक मिथुन कुमार का पता नहीं चल सका था।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के कारण नदी की धारा तेज और गहरी हो गई है, जिससे तलाश में कठिनाई आ रही है। घटना से गांव में मातम का माहौल है और परिजन रो-रोकर बेहाल हैं।
वही गोपालपुर थाना क्षेत्र के तिनटंगा करारी जहाज घाट पर शनिवार की दोपहर गंगा स्नान के लिए आए पूर्णिया जिले के बड़हरा कोठी प्रखंड के जयनगरा गांव के वार्ड नंबर पांच निवासी तूफान कुमार (15) पिता कैलाश सहनी और नीतीश कुमार (25) पिता उपेन्द्र सहनी की मौत स्नान के दौरान गहरे पानी में चले जाने से हो गई। दोनों मृतक आपस में चाचा और भतीजा थे। पड़ोसी के साथ गंगा स्नान के लिए तीनटंगा घाट आए थे। परिजनों ने बताया कि दोनों अपने परिवार के संग गाड़ी रिजर्व कर दुर्गा पूजा को लेकर गंगा स्नान करने आए थे।













