बिहपुर। कुख्यात बदमाश कन्हैया चौधरी की गिरफ्तारी से सोनवर्षा दियारे के किसानों में खुशी का माहौल है। गुरुवार को बिहपुर थाने में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर नवगछिया एसपी सुशांत कुमार सरोज ने बताया कि सोनवर्षा दियारा के कुख्यात कन्हैया पर विभिन्न थाने में 27 मामलों में केस दर्ज हैं। कुछ मामले में वह बेल पर है तो कुछ मामले में पुलिस को उसकी तलाश थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बुधवार को सूचना मिली कि कन्हैया ने सोनवर्षा के किसान बिट्टू चौधरी उर्फ गोरे को पैर में गोली मारकर जख्मी कर दिया है। वह अन्य लोगों व किसानों से हथियार के बल पर मारपीट व रंगदारी मांग रहा है। बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह की अगुवाई में टीम गठन किया गया। किसानों ने पुलिस को बताया की कन्हैया पटपारा दियारे में किसानों को पीट रहा है। जैसे ही पुलिस नीरज चौधरी के बासा पर पहुंची तो पुलिस को देखते ही कन्हैया ने गोली चला दी। वहीं काफी मशक्कत के बाद कन्हैया को कब्जे में लिया गया। तलाशी लेने पर कट्टा, 25 कारतूस, विंडोंलिया व एक खोखा बरामद किया गया। बरामद हथियार के बारे में कन्हैया ने बताया कि उसने गिरोह के साथी पप्पू यादव व सकला यादव से इसे लिया है।कन्हैया ने राइफल के बारे में पुलिस को बताया उसाक राइफल सकला यादव के पास है।
10 मार्च को नदी थाना क्षेत्र के गरैया बहियार में लत्तीपुर के पशुपालक सूरज यादव की हत्या में पप्पू व सकला नामजद हैं। उस हत्याकांड में कन्हैया की संलिप्ता की जांच की जा रही है। वहीं एसपी श्री सरोज ने बताया कि स्पीडी ट्रायल चला कर कुख्यात कन्हैया को सजा दिलवायी जाएगी। इस छापेमारी टीम में शामिल बिहपुर थानाध्यक्ष राजकुमार सिंह, दरोगा नवीन कुमार, विकास कुमार समेत अन्य पुलिसकर्मियों को पुरस्कृत किया गया।

बता दें कि कन्हैया ने बीते वर्ष 29 दिसंबर को जमालदीपुर के किसान सुनील मंडल की बेरहमी से पिटाई कर जख्मी कर दिया था। जिसकी मौत इलाज के दौरान मायागंज में हो गई थी। कन्हैया ने छापेमारी करने वाली पुलिस पर फायरिंग भी किया था। वह कई बार पुलिस के सामने से भागने में सफल रहा था। वहीं कुख्यात कन्हैया को न्यायालय में प्रस्तुत कराया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।













