नवगछिया। अनुमंडल प्रशासन द्वारा निर्धारित नयी सब्जी हाट में गंदगी और बदबू का अंबार लगा है। नारकीय स्थिति को देख वहां सब्जी दुकानदार जाने को तैयार नहीं हैं। दुकानदारों का कहना है कि प्रशासन जहां सब्जी हाट ले जाना चाह रहा है वहां गंदगी का अंबार है। बाजार की सारी गंदगी वहीं फेंकी जाती है। मल मूत्र के अलावा सड़ा हुआ कूड़ा-कचरा फेंके जाने के कारण वहां खड़ा होना मुश्किल हो जाता है। ऐसे में वहां सब्जी हाट लगाकर बैठना मुश्किल है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्रशासन जबरन वहां सब्जी हाट ले जाना चाहता है जो मुमकिन नहीं है। वहां पहले मिट्टी भराकर उस स्थल को गंदगी और बदबू से दूर करे तभी वहां हाट लग सकती है। दुकानदारों ने कहा कि कूड़े के ऊपर मिट्टी डाली गई थी। मिट्टी उठा लिए जाने और बारिश से सारी गंदगी ऊपर उठ गयी जिसके बदबू से लोग परेशान हैं।
सब्जी दुकानदारों के पक्ष में आए नगर परिषद के निवर्तमान पार्षद
नवगछिया नगर परिषद के निवर्तमान चेयरमैन प्रतिनिधि समाजसेवी डब्लू यादव, पार्षद मुन्ना भगत सहित अन्य पार्षद भी सभी दुकानदारों के पक्ष में हैं। डब्लू यादव ने कहा कि नयी सब्जी हाट में गंदगी और बदबू के कारण नारकीय स्थिति है। ऐसे में दुकानदारों द्वारा वहां दुकान लगाना संभव नहीं है। मिट्टी भराई जा रही है। मिट्टी भराये जाने के बाद जब तक सारी व्यवस्था नहीं हो जाती है दुकानदारों को वहां नहीं भेजा जाना चाहिए। पार्षद मुन्ना भगत ने कहा कि चारों तरफ गंदगी के जमावड़े के कारण दूर के दुकानदार भी बदबू से परेशान हैं।

