
नवगछिया : पूर्व सांसद सह भाजपा के वरीय नेता अनिल यादव व पूर्व विधायक ई कुमार शैलेन्द्र ने स्पर संख्या छःएन के डाउन स्ट्रीम में ध्वस्त हुए तटबंध का निरीक्षण करने के बाद भाजपा नेता गुलाबी सिंह के आवास पर आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि राजद सांसद शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल व मुख्य अभियंता ई सियाराम पासवान की वजह से तटबंध ध्वस्त हुआ. ई शैलेन्द्र ने बताया कि जल संसाधन विभाग के अभियंतागण अपने विभागीय मंत्री की सेवा में लगे रहे और इधर तटबंध कटता रहा. उन्होंने बताया कि मंत्री बाढ़ के फसे पानी को निकलवाने नवगछिया आये. लेकिन तटबंध पर हुए कटाव को देखना भी उचित नहीं समझा. जो कि काफी निदनीय है. दूसरी ओर सांसद मुख्य अभियंता को लेकर दियारा चले गये. जिस कारण तटबंध पर हो रहे कटाव को रोकने का कार्य काफी विलंब से शुरू हुआ. उन्होंने सांसद व मुख्य अभियंता पर प्राथमिकि दर्ज करने की माँग की. उन्होंने स्थानीय लोगों की निगरानी समिति गठित कर सदस्यों की निगरानी में कार्य करवाने को कहा. पूर्व सांसद अनिल यादव ने प्रेस वार्त्ता में कहा कि तटबंध कट रहा है और हमारे सांसद और विधायक चुप्पी साधे हैं. उन्होंने कहा कि राघोपुर से लेकर इस्माइलपुर -बिंद टोली व सहौड़ा-मदरौनी सांसद व विधायक के लिये एटीएम मशीन बना हुआ है. सरकार को यह बतलाना चाहिये कि यह एटीएम कब तक चलेगा. भाजपा नेताओं ने कहा कि कटाव से निजात दिलाने हेतु भाजपा चरणबद्ध आन्दोलन करेगी. मौके पर चन्द्रकिशोर शर्मा ,गुलाबी सिंह ,आलोक सिंह , चन्द्रशेखर सिंह व आशीष पांडे आदि की मौजूदगी देखी गई.
