अनुमंडल पदाधिकारी पहुँचे स्कूल, शिक्षकों को दिया सुरक्षा का भरोसा
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!गोपालपुर : बाबू टोला कमलाकुंड मध्य विद्यालय के शिक्षक शंभू मंडल की गोली मार कर निर्मम हत्या कर देने के छठे दिन बाद भी गोपालपुर प्रखंड के सभी सरकारी स्कूलों में ताला लटका रहा और शिक्षक सम्न्वय समिति के आह्वान पर शिक्षक बीआरसी में लगातार विरोध प्रदर्शन करते रहे. लगातार स्कूलों में तालाबन्द होने व शिक्षकों द्वारा चरणबद्ध आंदोलन के फलस्वरूप अनुमंडल पदाधिकारी डा आदित्य प्रकाश गुरुवार की सुबह बीडीओ डा रत्ना श्रीवास्तव व बीईओ रीता कुमारी मिश्रा के साथ बाबू टोला कमलाकुंड स्कूल पहुँचे.
सनद रहे कि इसी स्कूल में घुसकर बेखौफ अपराधियों ने शिक्षक शंभू मंडल की गोली मारकर हत्या शनिवार को कर दी थी. हत्या के बाद से ही इस स्कूल के शिक्षक व छात्रों में भय समाया हुआ है. अनुमंडल पदाधिकारी ने पंचायत के जनप्रतिनिधियों, अभिभावकों ,छात्रों व बाबू टोला कमलाकुंड के शिक्षकों को स्कूल पर बुलाया. सरपंच मनोज यादव, दो महिला रसोइया व कुछ छात्र स्कूल पहुँचे. मृत शिक्षक शंभू मंडल की विधवा अपनी चारो पुत्रियों व परिजनों के साथ स्कूल पहुँच कर एसडीओ के समक्ष दहाड़ें मारकर रोने लगी. मृतक शिक्षक शंभू मंडल की पत्नी किरण देवी ने एसडीओ से कहा कि हत्यारे ने मेरा सुहाग व मेरे बच्चों के पिता व मेरे ससुर के बुढ़ापे का सहारा छिना है. मेरे घर में खाने को कुछ भी नहीं है. रोते-रोते मृतक शिक्षक शंभू का भांजा बेहोश हो जाता था. विधवा किरण देवी ने बताया कि पुलिस गिरफ्तार सचिन यादव की माँ सहित सभी अपराधियों को गिरफ्तार कर फांसी की सजा दे. अनुमंडल पदाधिकारी ने पीड़िता को ग्रामीणों के समक्ष आश्वासन देते हुए कहा कि अगले तीन दिनों के अन्दर बाकी बचे अपराधियों को गिरफ्तार करने का निर्देश गोपालपुर पुलिस को दिया गया है. उन्होंने कहा कि दस दिनों के अंदर सरकारी प्रावधान के अनुसार सभी सहायता उपलब्ध करा दिया जायेगा. तथा अनुकंपा पर नौकरी हेतु डीएम भागलपुर को आवेदन देकर नौकरी दिलवाने का प्रयास करने का आश्वासन दिया.

