नवगछिया के ढोलबज्जा रंगदारी मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मुख्य आरोपित छोटू यादव गिरोह के सक्रिय सदस्य एवं कुख्यात अपराधी राहुल यादव की निशानदेही पर पुलिस ने हथियार बरामद किया है। बरामद हथियारों में एक कट्टा, एक पिस्तौल, 10 जिंदा कारतूस और चार खोखे शामिल हैं। इस संबंध में अलग से आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!हथियारों की बरामदगी राहुल यादव के पैतृक गांव लतरां से की गई है। इस संबंध में नवगछिया के पुलिस अधीक्षक प्रेरणा कुमार ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि छापेमारी में शामिल सभी पुलिस पदाधिकारियों को पुरस्कृत किया जाएगा।
एसपी प्रेरणा कुमार ने बताया कि पुलिस जिला के टॉप-10 अपराधियों की सूची में शामिल एवं 50 हजार रुपये के इनामी कुख्यात राहुल यादव को नागालैंड से गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा गया। इसके बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की।

पूछताछ के दौरान राहुल यादव ने ढोलबज्जा में व्यवसायियों से रंगदारी मांगने की बात स्वीकार की। उसने 28 सितंबर को नवगछिया नगर परिषद के उपाध्यक्ष अभिषेक रमण उर्फ टीएन यादव से 20 लाख रुपये की रंगदारी मांगने की बात कबूल की। इसके अलावा नवगछिया उपकारा में सीसीटीवी मेंटेनेंस का कार्य करने वाले मीराचक निवासी जयदेव कुमार पंडित के अपहरण कर रंगदारी मांगने की घटना में भी अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस अन्य व्यवसायियों से रंगदारी मांगने के मामलों की भी जांच कर रही है।
एसपी ने बताया कि 15 जनवरी को ढोलबज्जा थाना को सूचना मिली थी कि दो अज्ञात अपराधकर्मी ढोलबज्जा बाजार के दुकानदारों से रंगदारी की मांग कर रहे हैं। इस संबंध में ढोलबज्जा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक द्वारा तत्काल एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
एसआईटी में नवगछिया थानाध्यक्ष रवि शंकर प्रसाद सिंह, गोपालपुर थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार, रंगरा थानाध्यक्ष विश्वबंधु कुमार, ढोलबज्जा थानाध्यक्ष तथा डीआईयू की टीम को शामिल किया गया था। लगातार कार्रवाई के बाद पुलिस को इस मामले में अहम सफलता हाथ लगी है।
