नवगछिया : नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी गांव में नवविवाहित की हत्या कर शव को गायब करने का मामला प्रकाश में आया है. घटना के संबंध मे विवाहिता साबनी देवी के चाचा मधेपुरा जिले के पुरैनी थाना के बासुदेवपुर निवासी बिंदेश्वरी चौधरी ने नवगछिया थाना में लिखित आवेदन देकर भतीजी की हत्या कर शव को गायब करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है. जिसमें विवाहिता साबनी देवी के पति नवगछिया थाना क्षेत्र के तेतरी निवासी पंकज सिंह, देवर गौतम सिंह, ससुर नरेन्द्र सिंह उर्फ लुखो सिंह एवं उनकी सास को नामजद अभियुक्त बनाया है. उन्होंने आरोप लगाया है कि उनकी भतीजी को उनके पति व ससुराल वालों ने दहेज के लिए साजिश के तहत हत्या कर शव को गायब कर दिया है.
– 15 माह पूर्व हुई थी शादी
महिला साबनी देवी के चाचा बिंदेश्वरी चौधरी ने बताया कि मेरी भतीजी की शादी 15 माह पूर्व तेतरी के पंकज सिंह से हुई थी. शादी के बाद से ही उनके पति व देवर दहेज के रूप में एक लाख रुपए एवं पलसर मोटरसाइकिल की मांग करने लगे. साबनी के पिता मेरा भाई नवलकिशोर चौधरी हिमाचल प्रदेश में रहता है. पंकज ने फोन कर उससे दहेज की मांग की नही तो साबनी की हत्या करदेने की धमकी दी. इस संबंध में-मेरे भाई ने फोन कर सारी जानकारी दी. उन्होंने बताया कि साबनी के ससुराल वाले दहेज की मांग कर रहे थे. इस संबंध में जब में साबनी से बात की तो पंकज ने मेरे सामने भी दहेज की मांग किया. उन्होंने कहा कि दहेज को लेकर उनके ससुराल वाले काफी दिनों से प्रताड़ित कर रहे थे. दो नवम्बर की रात्रि में तेतरी से फोन आया कि आप की पुत्री की ससुराल वालों ने हत्या कर शव को गायब कर दिया है. सूचना पर हम लोग जब तेतरी पहुचे तो मेरी भतीजी घर मे नही थी. वहीं इस संबंध में आसपास के लोगों से जानकारी लिया तो कोई भी कुछ बताने को तैयार नहीं हुए. उन्होंने कहा कि हमे पूर्ण विवास है कि साबनी के पति , देवर व सास ससुर उसकी हत्या कर लाश को गायब कर दिया है.
बिंदेश्वरी चौधरी ने बताया कि मेरी भतीजी की हत्या कर शव को स्कार्पियो गाड़ी पर लाद कर लाश को ठिकाने लगाया गया है. उन्होंने बताया कि जिस गाड़ी से लाश ठिकाने लगाया गया था उसकी गाड़ी व चालक के संबंध में नवगछिया थानाध्यक्ष को जानकारी दी गई है. स्कार्पियो के चालक से पूछताछ करने पर सारा सच बाहर आजाएगा. उन्होंने बताया कि तीन नवंबर की रात्रि में नवगछिया थाना में आवेदन दिया था. लेकिन चार नवंबर को प्राथमिकी दर्ज की गई. उन्होंने यह भी बताया कि तीन नवंबर को साबनी के पति पंकज ने नवगछिया थाना में प्रेम प्रसंग में किसी के साथ भागने का आवेदन दिया था. उन्होंने यह भी बताया कि नवगछिया पुलिस द्वारा उनके आवेदन के आलोक में तीन नवम्बर को सनहा दर्ज कर लिया गया जबकि मेरे आवेदन की प्राथमिकी एक दिन बाद दर्ज हुई. उन्होंने कहा कि दो दिनों में नवगछिया पुलिस द्वारा अब तक कोई कार्रवाई नहीं कि गई. उन्होंने यह भी कहा कि नवगछिया पुलिस मेरे मामले को दबाने का प्रयास कर रही है. उन्होंने यह भी कहा कि अगर पुलिस कार्रवाई नहीं करती है तो वरीय अधिकारियों से न्याय की मांग करेंगे.
– कहते है थानाध्यक्ष
नवगछिया थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार सिंह ने कहा कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस महिला की बरामदगी के लिए प्रयासरत है. महिला के पति का भी प्रेमप्रसंग मामले को लेकर आवेदन आया था. पुलिस मामले में हर बिंदु पर आ अनुसंधान कर रही है.
