नवगछिया पहुचे जिलाधिकारी, लिये बाढ़ का जायजा सीओ को सभी बाढ पीडित परिवारों के बीच सामान वितरण का निर्देश

गोपालपुर

गोपालपुर : डीएम भागलपुर प्रणव कुमार ने रविवार को जिला के वरीय पदाधिकारियों के साथ बिंद टोली से लेकर इस्माइलपुर तक का निरीक्षण कर बाढ व कटाव का जायजा लिया. कई जगह स्वयं अपनी गाडी रोक कर बाढ व कटाव को देखा तो कई जगह बाढ पीडितों ने उनकी गाडी को रोक कर बाढ व कटाव की कहानी सुनाई. निरीक्षण के बाद स्पर संख्या छह एन पर स्थित कैंप कार्यालय पर उन्होंने प्रेस प्रतिनिधियों को बताया कि बिंद टोली गाँव को ग्रामीणों की सुरक्षा के कारण फिलहाल खाली करवाने का निर्देश अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया को दिया गया है.

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

जल संसाधन विभाग के वरीय अभियंताओं से विचार -विमर्श करने के बाद उन्होंने कहा कि गंगा नदी के किनारे स्थित होने के कारण कभी भी कोई बडा हादसा हो सकता है. उन्होंने एसीएमओ डा ए के झा व गोपालपुर व इस्माइलपुर के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी को तटबंध पर स्वास्थ्य शिविर लगाने का निर्देश दिया. बताते चलें कि इस्माइलपुर पीएचसी में बाढ का पानी प्रवेश कर जाने के कारण तटबंध पर ही पीएचसी को संचालित किया जा रहा है .उन्होंने छोटे -छोटे बच्चों के लिये सुरक्षित स्थानों पर दो -तीन आँगनबाडी केन्द्र चलाने तथा कुछ प्राथमिक विद्यालय शुरु करवाने का निर्देश एसडीम नवगछिया को दिया.

उन्होंने बताया कि इस्माइलपुर प्रखंड बाढ से बुरी तरह से प्रभावित हुई है. परन्तु बाढ पीडितों के लिये पूर्व से ही पूरी तैयारी कर ली गई है .जिससे उनको कोई परेशानी नहीं होगी. उन्होंने कहा कि सीओ को सभी बाढ पीडित परिवारों के बीच पालिथीन, चूडा – शक्कर व चावल -दाल आदि वितरण करने का निर्देश दिया गया है. डीएम प्रणव कुमार ने बताया कि सोमवार से अस्थाई शौचालय व चापाकल लगाने का कार्य शुरु करने का निर्देश पीएचईडी के कार्यपालक अभियंता को दिया गया है. उन्होंने बताया कि जरूरत होने पर बाढ पीडितों के लिये राहत शिविर भी चलाये जाएँगे. इस्माइलपुर के जिला पार्षद विपिन कुमार मंडल के द्वारा बडी नाव की माँग किये जाने पर उन्होंने कहा कि सरकार के पास बडी नाव नहीं है. आप लोग बडी नाव दीजिये. उसका भुगतान किया जाएगा. इस्माइलपुर के लोगों ने स्पर संख्या एक के अप स्ट्रीम में एक नया स्पर बनवाने की माँग डीएम प्रणव कुमार से किया.

इसके पूर्व डीएम ने अनुमंडल मुख्यालय में जिला स्तर के पदाधिकारियों की मौजूदगी में नवगछिया के सभी बीडीओ, सीओ, बीएओ, चिकित्सा पदाधिकारियों व शिक्षा पदाधिकारियों के साथ बैठक कर कई आवश्यक निर्देश दिये. जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता ई शशिधर पांडे, मॉनटरिंग एसी ई सफदर आलम, एसी ई महेन्द्र प्रसाद, कार्यपालक अभियंता ई अनिल कुमार, पटना उच्च न्यायालय के अधिवक्ता मुकेश कुमार, नवीन चन्द्र कुँवर ,जदयू के साकेत बिहारी आदि की मौजूदगी देखी गई.