नवगछिया : नवगछिया बाजार के महारज जी चौक से लेकर वैशाली चौक होते हुए रेलवे स्टेशन चौक तक शुक्रवार को दिन भर जाम लगा रहा. जाम का कारण नवगछिया पुलिस प्रशासन द्वारा यातायात के नियमों का सख्ती से पालन ना किया जाना बताया जा रहा है. स्थानीय लोगों ने बताया कि नो एंट्री के बावजूद नवगछिया बाजार में बड़े वाहन धड़ल्ले से घुस आए थे, इसी कारण बाजार में दिन भर जाम लगा रहा.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!शुक्रवार को जाम के कारण कई ऐसे लोग थे जो ट्रेन नहीं पकड़ पाए. गोपालपुर विधानसभा के विधायक नरेंद्र कुमार नीरज उर्फ़ गोपाल मंडल भी जाम में फंसे नजर आए. स्थानीय स्तर पर पुलिस व प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा जाम को नियंत्रित करने के लिए किसी प्रकार का प्रयास नहीं किया जा रहा था. खासकर दोपहर के समय लोग भगवान भरोसे थे और जाम टूटने का इंतजार कर रहे थे.

दो चक्का या चार चक्का वाहन से नवगछिया स्टेशन से महाराजजी चौक की दूरी 5 मिनट में तय हो जाती है लेकिन शुक्रवार को जाम रहने के कारण दो पहिया वाहनों को इतनी दूरी आधे घंटे में तय करना पड़ रहा था तो चार चक्का वाहन 1 घंटे में तय कर रहे थे.
चलाया जाएगा अभियान
नवगछिया के एसडीओ मुकेश कुमार ने कहा कि बाजार में जाम ना लगे और नो एंट्री के दौरान बाजार में बड़े वाहनों का प्रवेश ना हो इसके लिए प्रशासनिक स्तर से वृहद पैमाने पर अभियान चलाया जाएगा
