कोसी नदी किनारे मिला मृत घड़ियाल, देखने जुटे लोग और सहमे -Naugachia News

सूचना/खबरे

खरीक प्रखंड के लोकमानपुर में कोसी नदी किनारे शनिवार को एक घड़ियाल मृत अवस्था पाया गया। उसके मुंह पर हल्का खून भी लगा हुआ था। आशंका है कि इसकी मौत एक-दो दिन पूर्व में ही हुई है। इसकी जानकारी तुरंत वन विभाग के पदाधिकारियों को दी गयी।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

शनिवार अहले सुबह नदी किनारे मृत अवस्था में घड़ियाल पर किसी ग्रामीण की नजर पड़ी। इसके बाद यह खबर तेजी से पूरे इलाके में फैल गई एवं नदी किनारे बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। वन विभाग को जानकारी मिलते ही रेंजर विजय गुप्ता के निर्देश पर वनपाल अरबिन्द कुमार पाण्डेय अन्य कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे एवं मृत घड़ियाल को कब्जे में लेकर नवगछिया चले गये।

रेंजर ने बताया कि शव को सुरक्षित रखा गया है। शनिवार को अवकाश के कारण पोस्टमार्टम नहीं हो पाया। वैकल्पिक व्यवस्था कर पोस्टमार्टम करावाने का प्रयास किया जाएगा जिसके बाद ही मौत के कारणों का पता चल पाएगा। वन विभाग के पदाधिकारियों ने आशंका जतायी कि कि नदी की धारा में कहीं से बहकर मृत घड़ियाल यहां पहुंचा है। दूसरी ओर नदी में और घड़ियाल होने की लोगों द्वारा आशंका जताई जा रही है। इससे लोग सहमे हुए हैं।