नवगछिया – नए साल के आगमन के साथ ही रंगरा पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हासिल हुई है. आज देर शाम रंगरा थाना क्षेत्र के तिनटंगा दियारा दक्षिण पंचायत अंतर्गत उसरैहीया गांव में रंगरा पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर गांव के बगल में घने मक्के के खेत के बीच में चल रहे अवैध देसी शराब बनाने वाले मिनी फैक्ट्री का उद्भेदन किया है. छापेमारी के दौरान पुलिस द्वारा दो नीले रंग के बड़े ड्राम में कुल 350 लीटर अर्धनिर्मित एवं एक उजले जार में 20 लीटर पूर्ण निर्मित देसी शराब की भी बारामदगी की गई है. इसके अलावा इस दौरान पुलिस ने शराब निर्माण के काम आने वाली सामग्री, एक 15 लीटर का घरेलू गैस सिलेंडर , एक गैस चूल्हा, दो खाली हांडी, शराब बनाने वाले कुछ केमिकल्स, शक्कर के खाली टीन, को भी जप्त किया है.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मौके से शराब निर्माण में लगे दो लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है. मौके से गिरफ्तार लोगों में से उसरैहीया निवासी पुलिस मंडल एवं गौतम मंडल बताया जाता है. दोनों रिश्ते में पिता-पुत्र हैं , गौतम मंडल पुलिस मंडल का पुत्र है. मिली जानकारी अनुसार रंगरा पुलिस को तिनटंगा दियारा दक्षिण पंचायत के उसरैहीया गांव में दूसरी अवैध देसी शराब बनाने वाली फैक्टरी की सूचना लगातार मिल रही थी.
सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दर्जनभर सशस्त्र पुलिस बलों के साथ सोमवार के शाम में उसरैहीया गांव के बगल में स्थित एक बासा को घेरकर जब छापेमारी की गई तो बासा के समीप घने मक्के के खेत के बीच में अवैध देसी शराब बनाने वाले मिनी शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़ हुआ. बताते चलें कि पिछले 10 दिन पूर्व 21 दिसंबर को की देर रात्रि पुलिस ने छापेमारी कर उसरैहीया गांव से ही अवैध देशी शराब बनाने वाले मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया था.

उस वक्त भी पुलिस ने शराब निर्माण में काम आने वाली सामग्री एवं 1000 लीटर अर्धनिर्मित एवं 25 लीटर पूर्ण निर्मित देसी शराब के अलावे कारोबार में संलिप्त दो लोगों को मौके से गिरफ्तार किया था. मौके से बरामद सभी सामान को गाड़ी पर लादकर रंगरा पुलिस ने थाने ले आई. छापेमारी दल का नेतृत्व रंगरा थाना अध्यक्ष कौशल कुमार कर रहे थे. जबकि छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक उपेंद्र मुखिया, सहायक अवर निरीक्षक मनोवर अंसारी सहायक अवर निरीक्षक मदन कुमार यादव एवं एक दर्जन से भी अधिक सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे.
