आज से शुरू हो रहे तीन दिवसीय बिहार दिवस का थीम नशामुक्ति को बनाया गया है। तीन दिनों का यह पूरा समारोह नशामुक्ति का संदेश देगा। इस दौरान राज्य सरकार के प्रमुख विभागों की प्रदर्शनी गांधी मैदान में सजी रहेगी तो यहीं स्थित मुख्य मंच और एसके मेमोरियल हॉल में हर शाम सांस्कृतिक समागम होगा। आज शाम 5 बजे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इस समारोह का उद्घाटन करेंगे।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
मांछ-भात से लेकर लिट्टी-चोखा भी

बिहार दिवस पर गांधी मैदान में आयोजित व्यंजन मेले में चावल-मछली (मांछ-भात) से लेकर लिट्टी-चोखा तक का स्वाद चखने को मिलेगा। लिट्टी-मीट के साथ ग्रीन लिट्टी भी मिलेगी। बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम के महाप्रबंधक राकेश मोहन ने बताया कि व्यंजन मेले में 50 स्टॉल हैं। इसमें बिहारी व्यंजनों को प्राथमिकता दी गई है।
इन व्यंजनों का मिलेगा स्वाद
चंपारण का लिट्टी-मटन, कलेजी पराठा, लच्छा पराठा, दालपुरी, तस्मई, मगही नाश्ता, सत्तू और बेल शरबत, लीची व मैंगो जूस, लस्सी, आइसक्रीम, मिल्क सेक, कुल्हड़ में चाय, चना की घुघनी, लाई, अनरसा, पेड़ा, तिलकुट, स्मृति, जलेबी, सिलाव का खाजा, मक्के की रोटी, सुपौल का खाजा, बिहिया के बेलग्रामी, बाढ़ की लाई।
35 संस्थाएं करेंगी सांस्कृतिक कार्यक्रम
समारोह में राज्य सरकार के सभी प्रमुख विभागों की प्रदर्शनी लगेगी, जिसके लिए अलग-अलग पवेलियन बनाए गए हैं। गांधी मैदान के मुख्य मंच पर तीन दिनों 35 संस्थाओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। साथ ही 16 नाट्य संस्थाओं की नुक्कड़ नाटकों की प्रस्तुति भी इस समारोह में होनी है।
सुनिधि चौहान के गीतों पर झूमेगा पटना
पहले दिन उद्घाटन के बाद गांधी मैदान में एक लेजर शो आयोजित होगा, जो प्राचीन भारत को प्रदर्शित करेगा। इसके बाद गांधी मैदान में ही बॉलीवुड सिंगर सुनिधि चौहान अपने गानों का जादू चलाएंगी। दूसरी ओर, एसके मेमोरियल हॉल में आयोजित सांस्कृतिक संध्या में हिंदुस्तानी गायन की जानीमानी हस्ती बेगम परवीन सुल्ताना अपना गायन पेश करेंगी। कृष्ण प्रिया मीरा नृत्य नाटिका का मंचन भी होगा।
600 पुलिस जवान व अफसर तैनात, चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे
बिहार दिवस के दौरान विशेष सुरक्षा व्यवस्था से लैस दिखेगा गांधी मैदान। जिला प्रशासन ने गांधी मैदान की सुरक्षा के लिए 133 मजिस्ट्रेट के साथ 600 पुलिस जवान और पदाधिकारियों की तैनाती की है। गेट नंबर एक से अति विशिष्ट अतिथियों, गेट नंबर चार से विशिष्ट अतिथियों और गेट नंबर 12 से मीडिया का प्रवेश होगा।
गेट नंबर 6, 7 और 8 से आम लोग प्रवेश करेंगे। सभी प्रवेश गेट की बगल में मैदान के अंदर पार्किंग की व्यवस्था की गई है। सभी गेट पर मेटल डिटेक्टर लगाया गया है। इसके मैदान के अंदर और बाहर चप्पे-चप्पे पर सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इसकी मॉनिटरिंग कंट्रोल रूम से लगातार की जा रही है।
बिहार दिवस के दौरान गांधी मैदान में सुबह 10 बजे से रात्रि 9 बजे तक आमलोगों का प्रवेश होगा। इसके बाद गांधी मैदान को खाली कराया जाएगा।
मुख्य कार्यक्रम
गांधी मैदान (22 मार्च)
– मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा कार्यक्रम का उद्घाटन
– राज्य गीत एवं प्रार्थना गीत, बिहार गौरव गान, नृत्य नाटिका
– प्राचीन भारत टूरिज्म टेक्नोलॉजी द्वारा लेजर शो
– सुनिधि चौहान और ग्रुप की प्रस्तुति
23 मार्च
बिहार गौरव गान, नृत्य नाटिका, मालिनी अवस्थी व ग्रुप की प्रस्तुति, प्राचीन भारत टूरिज्म टेक्नोलॉजी की ओर से लेजर शो
24 मार्च
– बिहार गौरव गान, नृत्य नाटिका
– प्राचीन भारत टूरिज्म टेक्नोलॉजी द्वारा लेजर शो
– आकृति कक्कड़ एवं ग्रुप की प्रस्तुति (सभी कार्यक्रम शाम 5 से रात 9.30 तक होंगे )
श्रीकृष्ण मेमोरियल हाॅल
22 मार्च : बेगम परवीन सुल्ताना, हिंदुस्तानी गायन, मुंबई और कृष्ण प्रिया मीरा नृत्य नाटिका, मुंबई
23 मार्च : लव बंदिश, मुंबई, फ्यूजन, राजन-साजन मिश्र, हिंदुस्तानी गायन
24 मार्च : हास्य कवि सम्मेलन और मुशायरा
(कार्यक्रम शाम 6.30 बजे से रात 9.30 बजे तक)
