
अॉल इंडिया रिपोर्टर्स एसोसिएशन {आइरा} का स्थापना दिवस समारोह आगामी 05 मार्च को बिहार राज्य के कटिहार में आयोजित किया जाएगा. आइरा के इस स्थापना दिवस समारोह के मौके पर आयोजित पत्रकार महासम्मेलन में बिहार के सभी जिलों समेत झारखंड, उत्तरप्रदेश एवं पड़ोसी देश नेपाल से बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रानिक मिडिया के पत्रकार भाग लेंगे.
उक्त जानकारी देते हुए आइरा के प्रदेश अध्यक्ष सुमन कुमार मिश्रा ने पत्रकारों को बताया कि इस वर्ष का स्थापना दिवस समारोह ऐतिहासिक होगा. समारोह के मंच से आइरा बिहार में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का भी ऐलान करेगा. समारोह की तैयारी अब अंतिम चरण में है. प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि स्थापना दिवस समारोह का उद्घाटन आइरा के नेशनल चेयरमैन तारीक जक़ी करेंगे. इस बार के समारोह में हिंदी फिल्मों के अभिनेता सत्यकाम आंनद मुख्य आकर्षण का केन्द्र होंगे.

जबकि समारोह में भारत-नेपाल के कई नामचीन पत्रकारों के अलावें पटना के आईजी कुंदन कृष्णन एवं जदयू के प्रदेश प्रवक्ता डा. अजय आलोक समेत अन्य प्रमुख लोग शामिल होंगे. श्री मिश्रा ने बताया कि इस साल के स्थापना दिवस समारोह में चर्चा का मुख्य विषय “पत्रकार सुरक्षा” होगा. स्थापना दिवस समारोह के मंच से अॉल इंडिया रिपोर्टर्स एसोसिएशन सूबे बिहार में पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने एवं हाल के दिनों में मारे गये पत्रकारों के परिजनों को संबंधित मिडिया हाउस एवं सरकार से मुआवजा दिलाने की मांग को लेकर राज्य स्तरीय आंदोलन की शुरुआत करेगा.
स्थापना दिवस समारोह के मौके पर आइरा की ओर से मुंशी प्रेमचंद पत्रकारिता अवार्ड की भी शुरुआत की जाएगी. यह अवार्ड पत्रकारिता के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले पत्रकारों को आइरा की ओर से प्रत्येक वर्ष प्रदान किया जाएगा. स्थापना दिवस समारोह की सफलता को लेकर प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदेश उपाध्यक्ष पंकज कुमार, महासचिव प्रविंद गोविंद, प्रदेश सचिव नीरव समदर्शी, आलोक आशीष, अनिशुल वारा एवं प्रदेश संगठन सचिव विष्णु गुप्ता समेत राज्य कमेटी के सभी सदस्य लगातार कटिहार में कैंप कर रहे हैं.
