बिहार के भागलपुर के पूर्व एसपी सिटी और नवगछिया पुलिस जिले के वर्तमान एसपी सुशांत कुमार सरोज को पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस के प्रेसिडेंट मेडल से सम्मानित किया गया है। उनके नाम की घोषणा सोमवार को हुई। उनकी अभी तक की बेहतर सेवा के लिए उन्हें इस मेडल से सम्मानित करने की घोषणा केंद्रीय गृह मंत्रालय द्वारा की गयी। एसके सरोज ने मेडल दिए जाने की घोषणा के बाद खुशी जाहिर की है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!2012 बैच के आईपीएस हैं एसके सरोज
सुशांत कुमार सरोज 1999 में बीपीएससी के तहत बिहार पुलिस सर्विस के लिए चयनित हुए थे। उसके बाद उन्होंने कई जिलों में एसडीपीओ के तौर अपनी अपनी सेवा दी और बेहतरी के लिए उनकी सराहना हुई। उनका प्रमोशन हुआ और 2012 में वे आईपीएस बन गये। एसके सरोज भागलपुर में 22 फरवरी 2019 से 31 दिसंबर 2020 तक सिटी एसपी के पद पर पदस्थापित रहे। यहां उन्होंने कई महत्वपूर्ण और गंभीर कांडों का उद्भेदन किया।

इसी महीने चार जनवरी को उन्होंने नवगछिया एसपी के पद पर योगदान दिया। आईपीएस सुशांत कुमार सरोज मूल रुप से सहरसा जिले के सिमरी बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सदडीहा गांव के रहने वाले हैं। नवगछिया में ननिहाल में उनका लंबा समय बीता है। किसी भी आपराधिक घटना के होने पर वहां तुरंत पहुंचना उनकी खासियत रही है। आम लोगों से भी उनका संबंध बेहतर रहा है।
इसलिए दिया जाता है यह मेडल
पुलिस मेडल फॉर मेरिटोरियस सर्विस उन्हें प्रदान किया जाता है जिन्होंने कम से कम 15 वर्ष का सेवा काल पूर्ण कर लिया हो। पुलिस सेवा में अपने 15 साल की सेवा में बेहतर कार्य करने को लेकर उन्हें सम्मानित कर उनके कार्य की सराहना की जाती है। राज्य स्तर पर आयोजित कार्यक्रम में उन्हें इस पद से सम्मानित किया जाता है।
