इनकम टैक्स की छापेमारी शुक्रवार को भी जारी रही। टीम के सदस्य दुकानों व आवासों पर पहुंचे। इस दौरान इनके बैंक खाते भी खंगाले और बैंक प्रबंधन से इनके खाते का स्टेटमेंट भी मांगा। दर्जन भर बैंकों को इनकम टैक्स की ओर से चिट्ठी भेजकर खाते का डिटेल्स मांगा गया है। माना जा रहा है कि अफसरों की छापेमारी से कारोबारियों की मुश्किलें अब और भी बढ़ने वाली हैं।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!दरअसल अफसरों की एक टीम शहर के अलग-अलग बैंक शाखाओं में भी खाते खंगालने में जुट गई है। फैशन प्लानेट में चल रही कार्रवाई के बीच ही इनकम टैक्स के ऑफिसर बैंक ऑफ बड़ौदा शाखा पहुंचे। वहां इन कारोबारियों के दर्जन भर बैंक खाते मिले, जिसका स्टेटमेंट अफसरों ने बैंक प्रबंधन से मांगा है। हालांकि बैंक प्रबंधन इससे इनकार कर रहा है। खास बात यह है कि जिन कारोबारियों के दुकानों व घरों में छापेमारी चल रही है उनमें से अधिकतर के खाते बैंक लॉकरों में मिले हैं।

सूत्रों के अनुसार करीब दर्जन भर बैंकाें को नोटिस देकर इन संदिग्धों के खाते और लॉकरों को सीज करने को कहा गया है। हालांकि यह क्लियर नहीं है कि किसका किस बैंक में कितने खाते व लॉकर है जिसे सीज करना है। बैंक प्रबंधन ने उन खातों में जमा-निकासी पर भी रोक लगा दी है, लेकिन कुछ कहने को तैयार नहीं हैं। बैंक सूत्रों के मुताबिक कई बड़े कारोबारियों के लॉकर की चाबी भी अफसरों के टीम को मिली है। छापेमारी के बाद बैंक लॉकर खोले जा सकते हैं। इससे संदिग्धों के नामी-बेनामी संपत्ति का राज खुल सकता है। इससे पहले बैंक प्रबंधन ने इन संदिग्धों के लॉकरों की जांच नहीं की थी।
कुछ में शुरू हुई दुकानदारी तो कुछ बंद: जांच के बाद कुछ दुकानों में दुकानदारी शुरू हुई तो कुछ बंद रहे। रिबॉक शोरूम में तीन बजे के बाद जांच पूरी हो गई पर बिक्री शुरू नहीं हुई और शटर गिरा दिया गया। विपिन शर्मा के स्पाइकर और फैशन प्वाइंट में जांच अहले सुबह ही पूरी हो गई थी, पर दोनों दुकानों के शटर डाउन रहे। प्लेनेट फैशन का एक शटर खुला था, लेकिन यहां गेट पर तैनात गार्ड किसी को अंदर जाने नहीं दे रहा था। शाम चार बजे के बाद प्रगति फैशन में भी जांच पूरी हो गई। इन दुकानों और शोरूम से दस्तावेज लेकर आयकर की टीम कारोबारियों के आवास पर पहुंची। प्लानेट फैशन और प्रगति में देर शाम तक आयकर की टीम मौजूद थी और जांच जारी थी। जीटीएम मॉल में गुरुवार की देर रात ही जांच समाप्त हो गई थी।

प्रगति शोरूम में शुक्रवार को भी आयकर विभाग ने जांच-पड़ताल की।
पीके घोष के प्लेनेट फैशन की जांच कर लौटते आईटी के डिप्टी डायरेक्टर।
पूर्व रालोसपा नेता दीपक वर्मा के यहां भी जारी रहा छापा: सबौर उमेश्वर नगर स्थित रालोसपा नेता दीपक वर्मा के घर भी अफसरों की टीम डटी रही। कई अहम दस्तावेज बरामद कर जब्त किए। बताया जा रहा है कि अंग विहार अपार्टमेंट के फ्लैट के सेल परचेज में भी बड़ी गड़बड़ी पाई गई। कुछ फ्लैट के बिक्री के दस्तावेज गायब थे। इसके बाद बिक्री से जिन खातों में रुपए ट्रांसफर हुए, उसकी भी जानकारी अफसरों ने ली।
