नवगछिया पुलिस ने 48 घंटे में किया मोमो दुकानदार गोलीकांड का खुलासा, दो गिरफ्तार
नवगछिया। नवगछिया पुलिस ने परबत्ता थाना क्षेत्र के गरैया मोड़ के पास हुए मोमो दुकानदार गोलीकांड का 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। शुक्रवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में नवगछिया के पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार ने इसकी जानकारी दी।
एसपी ने बताया कि पुलिस की लगातार मेहनत, तकनीकी अनुसंधान और त्वरित कार्रवाई के कारण इस मामले का शीघ्र खुलासा संभव हो सका।
12 मई को हुई थी गोलीबारी
घटना 12 मई 2026 को परबत्ता थाना क्षेत्र के गरैया मोड़ के पास हुई थी। बाइक सवार दो अपराधियों ने सौरभ कुमार को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। मामले में परबत्ता थाना में कांड संख्या-64/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

एसपी के निर्देश पर बनी विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी राजेश कुमार के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज की जांच की। तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर लगातार छापेमारी की गई, जिसके बाद पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
हथियार और कारतूस बरामद
गिरफ्तार अपराधियों की पहचान सिंदु कुमार (पिता- लीलो यादव) और जागो उर्फ सुधांशु कुमार (पिता- स्वर्गीय मानस उर्फ मोफिल यादव) के रूप में हुई है। दोनों जगतपुर, थाना परबत्ता, जिला भागलपुर के निवासी बताए गए हैं। पुलिस ने इनके पास से घटना में प्रयुक्त एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
बकाया पैसे के विवाद में चली गोली
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि अमर कुमार के साथ बकाया पैसे को लेकर पहले से विवाद चल रहा था। घटना वाले दिन दोनों आरोपी अमर कुमार के घर पहुंचे थे और गाली-गलौज कर रहे थे।
इसी दौरान वहां मौजूद सौरभ कुमार से अमर कुमार के बारे में पूछताछ की गई। सौरभ द्वारा जानकारी नहीं होने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान सिंदु कुमार ने सौरभ कुमार को गोली मार दी।
आगे की कार्रवाई जारी
एसपी राजेश कुमार ने बताया कि तकनीकी जांच, सीसीटीवी फुटेज और स्थानीय सूचना के आधार पर अपराधियों की पहचान कर गिरफ्तारी सुनिश्चित की गई। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

