भागलपुर | शहर के बरारी थाना क्षेत्र स्थित फेरी रोड में एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां प्रेमिका से शादी नहीं होने से आहत एक बी-फार्मा के छात्र ने फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मृतक की पहचान 25 वर्षीय अंकित कुमार के रूप में हुई है, जो स्वर्गीय अनिल कुमार का इकलौता पुत्र था। उसकी मां नवगछिया के एक अतिरिक्त स्वास्थ्य केंद्र में नर्स के पद पर कार्यरत हैं। बताया जा रहा है कि अंकित बी-फार्मा का छात्र था और अपने भविष्य को लेकर गंभीर था, लेकिन निजी जीवन की परेशानियों ने उसे यह कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।
जानकारी के अनुसार, अंकित का शव उसके घर की ऊपरी मंजिल के कमरे में पंखे से लटका हुआ मिला। उसने प्लास्टिक की रस्सी से फंदा बनाकर आत्महत्या की। जब परिजनों को इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने तुरंत फंदा काटकर उसे नीचे उतारा। उस समय उन्हें लगा कि उसकी सांसें चल रही हैं, जिसके बाद उसे आनन-फानन में इलाज के लिए मायागंज अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद परिजन शव को बिना पोस्टमार्टम कराए घर ले जाना चाहते थे, लेकिन बरारी थाना के प्रभारी थानेदार एसआई शुभम कुमार ने उन्हें समझा-बुझाकर पोस्टमार्टम कराने के लिए राजी किया। इसके बाद पुलिस ने विधिसम्मत कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
इधर, घटना की सूचना पर एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) की टीम को भी घटनास्थल पर जांच के लिए भेजा गया। पुलिस पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही है।
परिजनों द्वारा बरारी थाना में दिए गए लिखित आवेदन के अनुसार, अंकित का किसी युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उससे शादी करना चाहता था। लेकिन किसी कारणवश शादी नहीं हो सकी, जिससे वह मानसिक तनाव में आ गया था। परिजनों का कहना है कि इसी अवसाद (डिप्रेशन) में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और सभी पहलुओं पर गंभीरता से पड़ताल की जा रही है।













