#Bhagalpur : केन्द्र से भी भारी संख्या में पुलिस बल को बुला लिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों को खदेड़ दिया

भागलपुर / पटना

भागलपुर में आपसी विवाद को लेकर मारपीट, पथराव और गोलीबारी की घटना घटी। पथराव में थानेदार मनीष कुमार समेत दर्जन भर पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग घायल हो गए।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घटना मधुसुदनपुर थाना क्षेत्र के दिग्घी और मिर्जापुर गांव के बीच बुधवार रात की है। दिग्घी चैती दुर्गा मंदिर में सोमवार रात आर्केस्ट्रा के दौरान हुए विवाद को लेकर शाम को दोनों पक्ष भिड़ गए। दो घंटे तक उपद्रव और बवाल की घटनाएं होती रहीं। लोग एक-दूसरे पक्ष को खदेड़-खदेड़कर पत्थर मार रहे थे। दिग्घी गांव की महिला मीरा देवी का पत्थर लगने से सिर फट गया। एक पक्ष को समझाने गए थानेदार पर लोगों ने हमला कर दिया।

मारपीट कर पुलिस जीप में तोड़फोड़ की गई। रुक-रुककर हो रही फायरिंग से इलाका दहल रहा था। सूचना मिलने पर सिटी डीएसपी राजवंश सिंह, नाथनगर इंस्पेक्टर मो. जनीफउद्दीन, हबीबपुर इंस्पेक्टर अली साबरी, मोजाहिदपुर इंस्पेक्टर राम इकबाल प्रसाद यादव, तातारपुर इंस्पेक्टर सत्येन्द्र प्रसाद सिंह, कजरैली थानेदार कौशल कुमार और विश्वविद्यालय थानेदार संजय कुमार सत्यार्थी मौके पर पहुंचे।

केन्द्र से भी भारी संख्या में पुलिस बल को बुला लिया गया। इसके बाद दोनों पक्षों को खदेड़ दिया गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक दोनों पक्षों की ओर से करीब 50 चक्र गोलियां चली हैं, लेकिन गोली से कोई घायल नहीं हुआ है। सिटी डीएसपी, सदर एसडीओ आशीष नारायण और नाथनगर सीओ के नेतृत्व में फ्लैग मार्च किया गया। डीआईजी विकास वैभव ने चुनाव की पूर्व संध्या पर हुई घटना को गंभीरता से लेते हुए सिटी डीएसपी को सख्त कार्रवाई का निर्देया दिया है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आर्केस्ट्रा में डांसर के साथ छेड़छाड़ और पसंदीदा गीत पर डांस को लेकर मिर्जापुर के युवकों ने हंगामा किया था। उस वक्त पुलिस ने मामला शांत करा दिया था। बुधवार शाम दिग्घी गांव के युवक मिर्जापुर की ओर गए थे। वहां पर उसकी पिटाई कर दी गई थी। इसके बाद दोनों पक्षों के लोग गोलबंद होने लगे। महिला का सिर फटने और रॉड से मारने पर दिग्घी गांव के लोग उग्र हो गए। लोगों ने पुलिस को बंधक बना लिया। सड़क पर आग लगाकर व बांस बांधकर जाम कर दिया। हालांकि सिटी डीएसपी ने गोलीबारी की घटना से इंकार किया है।