भागलपुर : प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही युवती की संदिग्ध परिस्थिति में मौत

भागलपुर / पटना

भागलपुर विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के साहेबगंज काली मंदिर के पास रहने वाली युवती प्रियंका (27) की संदिग्ध परिस्थति में कमरे से शव बरामद हुआ है। प्रियंका पटना विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद भागलपुर में घर पर ही रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही थी।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

परिजन पंखे में फंदा लगाकर आत्महत्या की बात कर रहे हैं, लेकिन जब पुलिस पहुंची तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। युवती का शव फर्श पर पड़ा था। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर युवती का मोबाइल जब्त कर लिया है। परिजनों का कहना है कि बुधवार की सुबह प्रियंका की मां अंजली देवी झारखंड के साहेबगंज स्थित अपने मायके चली गई थी। पिता और दोनों भाई काम पर गये थे।

प्रियंका के भाई सुमित ने कहा कि वह दोपहर लगभग पौने तीन बजे खाना खाने आया तो कमरे का दरवाजा बंद था। उसका कहना है कि उसने दरवाजा खटखटाया पर नहीं खुला तो उसने खिड़की से झांका। देखा कि उसकी बहन फंदे से लटकी थी। धक्का मारकर दरवाजे को खोला और फंदे को काटकर प्रियंका को नीचे उतारा।

उसी समय पिता सुभाष का कॉल आया तो सुमित ने उन्हें तुरंत आने को कहा। यूनिवर्सिटी थानाध्यक्ष ने कहा कि युवती के मोबाइल से उसकी मौत का राज खुल सकता है। मोबाइल का लॉक खुलवाया जा रहा है।