पतंजलि आउटलेट ‘परिधान’ खोलने के नाम पर भागलपुर के व्यवसायी से ठगी

भागलपुर / पटना

पंतजलि के नाम पर नाथनगर के व्यवसायी से 50 हजार रुपये की ठगी की बात सामने आई है। गुरुवार को व्यवसायी ने नाथनगर थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी है। नाथनगर की व्यवसायी संध्या अग्रवाल ने पुलिस को बताया कि हरिद्वार के दो शातिर ठग ने पतंजलि आयुर्वेद प्राइवेट लिमिटेड (परिधान) के नाम का आउटलेट भागलपुर में खोलने के नाम पर 49800 रुपये धोखे से ले लिया।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

उन्होंने बताया कि सात नवंबर को उन्हें जानकारी मिली कि बाबा रामदेव की कंपनी पतंजलि ने कपड़े का व्यवसाय परिधान के नाम से पूरे भारत में शुरू किया है। इसकी जांच के लिए उन्होंने इंटरनेट के माध्यम से जानकारी ली। जिले में शोरूम खोलने के लिए एक रजिस्ट्रेशन फॉर्मेट पतंजलि की वेबसाइट पर मिला। उन्होंने रजिस्ट्रेशन के लिए आवेदन दिया। थोड़ी ही देर में दो लोगों का फोन आया और कहने लगे कि आप पतंजलि के परिधान नाम से भागलपुर में कपड़े का शोरूम खोलना चाहते हैं तो आप पतंजलि प्राइवेट लिमिटेड हरिद्वार के नाम के अकाउंट नंबर पर 49800 रुपये भेज दें। इसके बाद आपका आउटलेट कंपनी द्वारा फाइनल किया जाएगा।

इसके बाद उन्होंने पतंजलि नाम के अकाउंट नंबर पर पैसे आरटीजीएस कर दिए। पैसे पहुंचने के बाद दोबारा दीपक आचार्या और रवि आचार्या नाम के व्यक्ति का फोन आया और कहने लगे मैं पतंजलि आयुर्वेद प्राइवेट लिमिटेड हरिद्वार से बोल रहा हूं। आपका भागलपुर जिले के लिए रजिस्ट्रेशन फाइनल हो गया है। अब आपको भेजे गए अकाउंट नंबर पर दो लाख रुपये और भेजने पड़ेंगे। उन्हें शक हुआ और पतंजलि के टॉल फ्री नंबर पर फोनकर जानकारी ली तो वहां से उन्हें कह दिया गया कि ऐसी कोई रजिस्ट्रेशन पतंजलि कंपनी द्वारा नहीं की जा रही है। आपके साथ किसी ने फ्रॉड किया है।

नाथनगर इंस्पेक्टर ने बताया कि पतंजलि नाम के बैंक खाते पर व्यवसायी ने आरटीजीएस से पैसे भेजे हैं, इनकी रसीद भी इनके पास है। मामले का अनुसंधान किया जा रहा है। दारोगा राजीव रंजन को अनुसंधानकर्ता बनाया गया है। हरिद्वार स्थित एसबीआई शाखा में पतंजलि के नाम से फर्जी अकाउंट कैसे खोला गया है, इसकी भी जांच की जाएगी।