नारायणपुर : बीरबन्ना के यादव टोला स्थित मिडिल स्कूल का ताला 19 दिन बाद सोमवार को बीईओ राधे कृष्ण सिंह, बीआरपी मिथिलेश कुमार व भवानीपुर पुलिस की पहल पर ग्रामीणों ने खोल दिया। इसके पूर्व अफसरों ने ग्रामीणों और एचएम के साथ बैठक की, जिसमें निर्णय लिया गया कि 17 जनवरी तक में विद्यालय विकास मद की राशि से विद्यालय में पीने के लिए चापाकल लगेगा।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!18 जनवरी से विद्यालय में एमडीएम प्रारंभ होगा तथा बच्चे के पुस्तक की राशि मंगलवार को चेक के माध्यम से बैंक भेजा जाएगा। समग्र शिक्षा अनुदान की 75 हजार और 5,000 खेलकूद की राशि का विवरण पत्र सहित 23 जनवरी को विद्यालय में बैठक करके एचएम खर्च की जानकारी देंगी। इसके बाद ग्रामीण माने और ताला खोला गया।ग्रामीणों ने एचएम कंचना कुमारी की मनमानी के खिलाफ तालाबंदी की थी।

लोगों का कहना था कि एचएम एमडीएम, शिक्षा के विभिन्न मदों में आई राशि का दुरुपयोग करती हैं। वे इसका लेखा-जोखा भी शिक्षा समिति को नहीं दिखाती हैं। इसके अलावा स्कूल का चापाकल खराब है। ग्रामीणों की शिकायत पर पूर्व में प्रभारी बीईओ ने जांच रिपोर्ट डीईओ को भेजा था। डीईओ ने विभागीय समीक्षा बैठक में डीएम को इसकी जानकारी दी थी। इसके बाद डीएम ने डीईओ को एचएम के विरुद्ध प्रपत्र क गठित करने का आदेश दिया था। बावजूद एचएम मनमाने तरीके से विद्यालय का संचालन करती रहीं। इसके बाद लोगों ने 24 दिसंबर को ताला जड़ दिया था।
