नवगछिया : 15 जून तक दो लेयर पत्थर स्लोपिंग का काम पूरा करने का निर्देश

NEWS

नवगछिया । बाढ़ नियंत्रण कार्यालय नवगछिया के अंतर्गत चल रहे गंगा कोसी नदी के कटाव निरोधी कार्यों का जायजा कटिहार के मुख्य अभियंता ई. अनिल कुमार ने भागलपुर के अधीक्षण अभियंता के साथ लिया। इस दौरान मुख्य रूप से गोपालपुर, रंगरा चौक प्रखंड के सीमावर्ती क्षेत्र में चल रहे कटाव निरोधी कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने मौजूद अभियंता व संवेदक को आवश्यक निर्देश दिए।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

मुख्य अभियंता ने बताया कि यहां पर काम 15 जून तक पूरा करना है। इसलिए यहां पर दिन-रात काम कराना होगा। उन्होंने बताया कि आज का दिन (मंगलवार) गंगा दशहरा का दिन है। आज से गंगा एवं अन्य नदियों में जलस्तर बढ़ने लगता है। इसको देखते हुए 15 जून तक किसी भी हाल में दो लेयर तक पत्थर स्लोपिंग का काम पूरा कर लेना होगा। यहां पर लगभग 600 मीटर में झल्लू दास टोला में पत्थर स्लोपिंग का कार्य चल रहा है।

अभी तक 40 से 50 प्रतिशत ही कार्य हो पाया है। बाकी कार्य समय रहते पूरा करना है। उन्होंने बताया कि जहांगीरपुर बैसी, इस्माईलपुर बिनटोली आदि जगहों का निरीक्षण किया है। इस दौरान नवगछिया बाढ़ नियंत्रण कार्यालय के कार्यपालक अभियंता दिनेश कुमार को उन्होंने कार्य गुणवत्ता पूर्ण करने का निर्देश दिया।