नवगछिया : सभी जनवितरण प्रणाली के विक्रेताओं को सख्त हिदायत, लाभुकों के बीच करें वितरित : एसडीओ -Naugachia News

नवगछिया : लाभुकों को बेहतर खाद्यान्न, निर्धारित मूल्य व मात्रा में मिले इसको लेकर एसडीओ ने सभी जनवितरण प्रणाली के विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी है। किसी भी प्रकार की कमी या खामी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई किए जाने की चेतावनी भी दी है। लाभुकों को बेहतर खाद्यान्न व नियमित रूप से खाद्यान्न की आपूर्ति हो, इसको लेकर शुक्रवार को नवगछिया के श्रीगोपाल गोशाला में एसडीओ मुकेश कुमार ने जनवितरण प्रणाली के विक्रेताओं के साथ बैठक की।

Whatsapp group Join

इस बैठक में सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी शशिकांत सहित सभी अनुमंडल के प्रखंड के आपूर्ति पदाधिकारी शामिल थे। बैठक में जन वितरण प्रणाली के माध्यम से होने वाले खाद्य एवं केराेसिन तेल के वितरण में लाभुकों तक सही तरीके से नियमित मानक के अनुसार मिल सके इसकी समीक्षा की गई। एसडीओ ने विक्रेता सहित सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी व प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए।

एसडीओ ने कहा कि सभी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी व सहायक आपूर्ति पदाधिकारी अनुमंडल के सभी महादलित टोले में जाकर खाद्यान्न वितरण के दौरान मात्रा व मूल्य की जांच करेंगे। यदि कोई विक्रेता उल्लंघन करता है तो उनके विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव दें।

तेल के टैंक की लोडिंग की नियमित जांच करने का निर्देश

प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी नवगछिया व बिहपुर को थोक विक्रेता केराेसिन तेल के टैंक लोडिंग का नियमित रूप से सत्यापन करने का निर्देश दिया है। सहायक जिला आपूर्ति पदाधिकारी थोक विक्रेता के किरासन तेल के प्रतिष्ठान का जांच का प्रतिवेदन उपलब्ध कराएंगे। जन वितरण प्रणाली के विक्रेता लाभुकों को इलेक्ट्रॉनिक वेट मशीन के माध्यम से खाद्यान्न उपलब्ध कराएंगे। एसडीओ ने विक्रेताओं को ससमय खाद्यान्न का चालान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।

Add a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *