बिहपुर : प्रखंड अंतर्गत मधुसुदन सर्वोदय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 12वीं कक्षा के रजिस्ट्रेशन कराने में शिक्षकों द्वारा बिना रसीद दिए निर्धारित शुल्क से अधिक राशि वसूली करने को लेकर शनिवार को विद्यालय के सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने विद्यालय गेट के बाहर धरना प्रदर्शन कर विरोध जताया। वहीं इस मामले को लेकर छात्र मेहर नाज, विक्की कुमार, मो. दिलशाद सहित दर्जनों छात्रों ने हस्ताक्षरयुक्त आवेदन जिला शिक्षा पदाधिकारी भागलपुर, प्रखंड प्रमुख बिहपुर, प्रखंड विकास पदाधिकारी बिहपुर, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी बिहपुर को दिया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!बताया कि विद्यालय की व्यवस्था पूरी तरह लचर है। यहां मुख्य गेट से लेकर कार्यालय, कक्षा, खेल मैदान और शौचालय तक कुव्यवस्था और गंदगी देखने को मिलता है। शुद्ध पेयजल की समस्या है। चारदीवारी क्षतिग्रस्त स्थिति में हैं। 12वीं की छात्रा साबरीन खातून ने कहा घंटों तक विद्यालय के बाहर खड़ा रहना पड़ता है।
विद्यालय में अनुशासन का अभाव दिखता है। प्रधानाध्यापक और शिक्षक मनमानी करते है। छात्रों ने कहा 12वीं कक्षा में रजिस्ट्रेशन का बिना रसीद दिए 1550 रुपये लिया जा रहा है। एक ही कक्षा के छात्रों से अलग-अलग राशि ली जाती है, जो गलत है। जबकि बिहार बोर्ड द्वारा निर्धारित 1430 रुपये लेने के आदेश हैं।

इस संबंध में विद्यालय एचएम शशि कुमार से संपर्क नहीं हो सका। वहीं नवगछिया एसडीओ ऋतुराज कुमार ने कहा, सरकार द्वारा निर्धारित राशि से अधिक वसूली की जाती है तो यह गलत है। प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी से विद्यालय की जांच कराई जाएगी। वहीं छात्रों से आवेदन मिलने पर स्वयं विद्यालय की जांच करेंगे।
