नवगछिया में युवक की गोली मारकर हत्या, दोस्तों पर ही शक

Crime Reoprts

नवगछिया : भागलपुर में रहकर पढ़ाई कर रहे पूर्णिया के बिरौली गांव निवासी संतोष जायसवाल के पुत्र सौरभ कुमार जायसवाल (21) की अपराधियों ने गोली मारकर हत्या कर दी। युवक को सीने के बीचों-बीच गोली मारी गई, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

घटना के बाद उसके दोस्तों ने शनिवार अहले सुबह उसे जेएलएनएमसीएच (मायागंज अस्पताल) पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना पीएमसीएच रेफर किया गया। लेकिन इसके बाद दोस्त उसे लेकर कहीं चले गए और फिर सुबह करीब छह बजे मृत अवस्था में दोबारा मायागंज अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

यह घटना नवगछिया पुलिस जिला के परवत्ता थाना क्षेत्र के गरैया और जगतपुर गांव के बीच 14 नंबर सड़क की बताई जा रही है। मामले में पुलिस को दोस्तों की भूमिका संदिग्ध लग रही है।

नवगछिया पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्णिया जिले के टीकापट्टी निवासी गौरव कुमार और बैरिया निवासी राजा कुमार को मायागंज अस्पताल परिसर से हिरासत में ले लिया है। दोनों से सघन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि दोनों बार-बार अपना बयान बदल रहे हैं और गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।

पुलिस ने अस्पताल से खून लगा एक गमछा बरामद किया है, जबकि मृतक का मोबाइल फोन गायब है, जिससे मामले में और संदेह गहराता जा रहा है।

दोस्तों की कहानी पर सवाल
दोनों आरोपित दोस्तों ने बताया कि वे लोग एक दोस्त अनुराग के जन्मदिन पर पार्टी करने जा रहे थे। दो चारपहिया वाहनों से पांच दोस्त निकले थे। रास्ते में पल्सर बाइक पर सवार दो अज्ञात अपराधियों ने गाड़ी रोकी और सौरभ को गोली मार दी। हालांकि, पुलिस इस कहानी पर भरोसा नहीं कर रही है।

परिजनों का बड़ा आरोप
मृतक की मां पिंकी देवी ने बताया कि सौरभ भागलपुर में रहकर पढ़ाई करता था और घटना से पहले उसने फोन कर एक्सीडेंट की बात कहकर पांच हजार रुपये मांगे थे। यह उनकी आखिरी बातचीत थी।

परिजनों ने यह भी खुलासा किया कि करीब 15 दिन पहले शुभम नामक युवक ने सौरभ को गोली मारने की धमकी दी थी। हालांकि, उस समय परिवार ने इसे गंभीरता से नहीं लिया था।

संदिग्ध गतिविधि
मौत की पुष्टि होते ही सभी दोस्त अस्पताल से फरार हो गए थे। बाद में सिर्फ दो युवक लौटे, जो स्नान कर हाफ पैंट में पहुंचे और लगातार अपना बयान बदलते रहे।

फिलहाल पुलिस मामले की गहराई से जांच कर रही है और हिरासत में लिए गए युवकों से पूछताछ जारी है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा होने की उम्मीद जताई जा रही है।