नवगछिया में भक्तिमय माहौल के बीच संपन्न हुई मां काली की पूजा, जयकारों से गूंजा पूरा इलाका

सूचना/खबरे

नवगछिया। दीपावली के अवसर पर नवगछिया सहित आसपास के इलाकों में मां काली की पूजा-अर्चना पूरे श्रद्धा और निष्ठा के साथ संपन्न हुई। भक्तों ने मंदिरों में पहुंचकर मां काली के चरणों में मत्था टेका और सुख-समृद्धि की कामना की।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

रंगरा, जहांगीरपुर, बैसी स्थित मां उग्र काली मंदिर में सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। वहीं नवगछिया बाजार स्थित मां काली मंदिर में भी दीपावली की रात से ही भक्तों ने पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन में हिस्सा लिया।

नवगछिया के भगत पट्टी रोड स्थित मां दक्षिणेश्वरी काली मंदिर, बम काली मंदिर, सत्संग भवन रोड स्थित मां काली मंदिर, पकरा मोड़, तेतरी गांव और खगरा स्थित मां बम काली मंदिर में भी भक्तों ने श्रद्धापूर्वक माता की आराधना की। खगरा मां काली मंदिर में भक्तों द्वारा माता को पारंपरिक विधि से बलि भी अर्पित की गई।

मंगलवार की देर रात नवगछिया शहर के मां दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में स्थापित प्रतिमा का विसर्जन संपन्न हुआ। भक्तों ने मां के जयकारों के बीच प्रतिमा को पोखर में विसर्जित किया। इसी तरह खगरा पंचायत काली मंदिर की प्रतिमा का विसर्जन संध्या के समय धूमधाम से किया गया। माता के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। पूजा और विसर्जन के दौरान मंदिरों व चौक-चौराहों पर पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा।

इधर खैरपुर कदवा पंचायत के गोला टोला कदवा में भी भक्तिमय माहौल के बीच मां काली की पूजा-अर्चना की गई। यहां स्थापित प्रतिमा का विसर्जन सोमवार को किया जाएगा।

वहीं रंगरा भवानीपुर स्थित काली मैया दरबार में सुबह से ही भक्तों का तांता लगा रहा। यहां भक्तों ने माता को बलि अर्पित की। देर शाम कोलकाता से आए कलाकारों द्वारा जागरण का आयोजन किया गया।