नवगछिया अनुमंडल में बाढ़ से बचाव के लिए जहान्वी चौक से इस्माईलपुर के बीच गाइड बांध बनाया जाएगा। इसका काम एक कदम और आगे बढ़ गया है। डीएम ने जमीन सतत लीज पर लेने की स्वीकृति दे दी है। गाइड बांध बनने से एक लाख से अधिक लोगों को राहत मिलेगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डीएम प्रणव कुमार से स्वीकृति मिलने के बाद रैयतों की सूची जारी करने का निर्देश दिया गया है। सूची जारी होने के बाद रैयतों से दावा-आपत्ति ली जायेगी। इसके बाद सहमति के लिए शपथ पत्र लिया जाएगा। गाइड बांध की लंबाई 10.5 कि.मी. होगी। गाइड बांध के लिए 100.47 एकड़ जमीन लीज पर ली जाएगी। इसमें महादेव मौजा के 12 रैयतों की 3.52 एकड़, बसगढ़ा के एक रैयत की 1.40 एकड़,परबत्ता के 163 रैयतों की 49.98 एकड़ और इस्माईलपुर मौजा के 198 रैयतों की 46.68 एकड़ जमीन शामिल है। इसके अलावा बिहार सरकार की भी जमीन है। गाइड बांध में 12 जगहों पर ढाला और तीन जगहों पर एन्टू फ्लड स्लूईस बनाने की योजना है।


बांध बनने से मिलेगी राहत :
बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल नवगछिया के कार्यपालक अभियंता अनिल कुमार ने जहान्वी चौक से इस्माईलपुर के बीच गाइड बांध बनाने के लिए प्रस्ताव भेजा था। प्रस्ताव में बांध से होने वाले फायदे की जानकारी दी गयी है। कहा गया है कि गाइड बांध बनने से इस्माईलपुर, गोपालपुर और नवगछिया प्रखंड के अलावा नवगछिया अनुमंडल के बहुत बड़े भूभाग को बहुत हद तक तबाही से सुरक्षित किया जा सकता है।

कहा गया है कि इस्माईलपुर प्रखंड की 50 हजार,नवगछिया की 20 हजार और गोपालपुर प्रखंड की 15 हजार की आबादी के अलावा अनुमंडल के दूसरे क्षेत्रों में रह रही आबादी बाढ़ के दौरान करीब चार महीने तक प्रभावित रहती है। एडीएम (विभागीय जांच) सह प्रभारी जिला भू-अर्जन पदाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि डीएम से स्वीकृति मिलने के बाद अब जमीन को लीज पर लेने की प्रक्रिया तेज होगी।
