नवगछिया : परबत्ता थाना अंतर्गत इमली चौक के पश्चिम भाग में खेत में बने बासा पर सोई वृद्धा की गला काटकर और सिर कूंचकर हत्या कर दी गयी। जगतपुर गांव के वार्ड नंबर पांच निवासी जियालाल यादव की 65 वर्षीय पत्नी हरिया देवी के साथ जघन्य वारदात हुई। घटना की सूचना पाकर परबत्ता पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए देर शाम अनुमंडल अस्पताल भेज दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!जानकारी के अनुसार हरिया देवी प्रतिदिन की तरह सुबह 10 बजे घर से खाना खाकर बासा पर आ गई। यहां वह गाय व फसल की देखभाल करती थी। पति केंसर से पीड़ित है और उसकी दवा चल रही है। देर शाम बेटा पिंटू यादव जब गाय को चारा देने आया तो देखा कि मां का पैर मचान से बाहर निकला है और उसको वहीं पर रखे चादर से ढंक दिया गया है।
चादर हटाने पर वह मृत पड़ी थी और शरीर से खून टपक रहा था। पिंटू यादव ने बताया कि मां के पास 14 हजार रुपये उसके साड़ी के पल्लू में बंधे हुआ थे, वहीं नाक और कान में सोने का जेवर और गले में चांदी के चेन सभी गायब थे। बेटे ने कहा कि लूटपाट के बाद अपराधियों ने धारदार हथियार ने हत्या कर दी। वहीं आसपास के ग्रामीणों ने बताया कि खेतों में दोपहर एक डेढ़ बजे तक ट्रैक्टर जुताई का काम चल रहा था, लेकिन किसी तरह का भी हलचल बासा पर नहीं हुआ है।

इस घटना को लेकर के परबत्ता थानाध्यक्ष शंभू पासवान ने बताया कि मामले की जानकारी जुटाई जा रही है। घटना की सत्यता के लिए जांच कर रहे हैं। पोस्टमार्टम के लिए शव को भेज दिया है। जल्दी ही उद्वेदन होगा। नवगछिया एसपी पूरण झा ने कहा कि परबत्ता थाना अंतर्गत गड़ैया बहियार में सो रही वृद्ध महिला की अज्ञात अपराधियों ने ईंट से मारकर हत्या की सूचना मिली है। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यम से साक्ष्य संकलन और छापेमारी की जा रही है।
