नवगछिया पूर्वी केबिन रेलवे ट्रेक पर फंसा ट्रक और आ गयी रेलगाड़ी, बाल बाल बचे लोग-Naugachia News

NEWS

नवगछिया : नवगछिया पूर्वी केबिन के पास रविवार को उस समय अजीबोगरीब स्थिति उत्पन्न हो गयी जब केबिन पर एक ट्रक के फंस जाने के कारण एक घंटे से जाम था और दूसरी तरफ से रेलगाड़ी आ गयी. समय रहते नवगछिया स्टेशन के प्रबंधक नंदकिशोर तिवारी ने आपातकालीन स्थिति में नवगछिया रेलवे स्टेशन पर टाटा लिंक डाउन एक्सप्रेस को पांच मिनट तक रोका गया फिर आनन फानन में केबिन के पास फंसे ट्रक और अन्य वाहनों को हटाया गया फिर टाटा लिंक डाउन एक्सप्रेस को रवाना किया गया.

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

अगर समय से स्टेशन अधिक्षक ट्रेन को नहीं रोकते तो निश्चित रूप से रविवार को कोई बड़ी घटना हो जाती. रेल अधिकारियों की माने तो स्टेशन और पूर्वी केबिन के बीच ही रैक लोडिंग और अनलोडिंग होता है. जब भी दिन के समय में रैक की अनलोडिंग होती है तो पूर्वी केबिन पर जाम लगना निश्चित हो जाता है. रविवार को भी रैक की अनलोडिंग हो रही थी, इसी वहन से पूर्वी केबिन के पास जाम लग गया और एक ट्रक रेलवे ट्रैक के बीचो बीच खराब हो गया. ट्रैक पर ट्रक के रूकते ही देखते ही देखते दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गयी.

लोग न तो नवगछिया शहर में प्रवेश कर पा रहे थे और न ही नवगछिया शहर से निकल पा रहे थे. एक घंटे से जाम में फंसे लोग इस बेवजह जाम से पूरी तरह से आजिज हो गये थे. मालूम हो कि पूर्वी केबिन हो कर शहर के महत्वपूर्ण संस्थानों अनुमंडल अस्पताल, नवगछिया थाना, महिला थाना, अनुसूचित जाति थाना, पुलिस लाइन, जलसंसाधन विभाग आदि के वाहनों की आवाजाही होती है. जाम लग जाने के कारण पुलिस को गश्त में परेशानी होती है तो दूसरी तरफ अस्पताल से निकलने वाला ऐंबुलेंस भी अनावश्यक रूप से जाम में फंस जाता है.

तीन वर्षों से निर्माणाधीन है ओवर ब्रीज

नवगछिया पूर्वी केबिन के पास बन रहे ओवर ब्रीज का निर्माण करीब चार वर्ष से हो रहा है. इन दिनों कार्य ठप है. पिछले दिनों सूचना मिली थी कि अब ओवरब्रीज का निर्माण कार्य जल्द ही पूर्ण कर लिया जायेगा. लेकिन अभी तक दोबारा कार्य शुरू नहीं किया गया है. भाजपा के जिलाध्यक्ष विनोद कुमार मंडल ने कहा कि सारी प्रक्रिया पूरी तरह ली गयी है जल्द ही ओवर ब्रीज का निर्माण शुरू करवाया जायेगा. इधर आजाद हिंद मोरचा के अध्यक्ष राजेंद्र यादव ने जल्द से जल्द ओवर ब्रीज निर्माण कार्य पूर्ण कराने और जाम की समस्या से ट्रेन को बचाने के लिए कोई वैकल्पिक व्यवस्था करने की मांग की है