नवगछिया : नशे में धुत चौकीदार के भाई ने पुलिस से की मारपीट और फाड़ दी वर्दी

Crime Reoprts

खरीक : थाना क्षेत्र में चौकीदार मुरारी पासवान के भाई छोटू पासवान की दबंगई सामने आई है। बुधवार देर रात नशे में धुत छोटू ने तलवार के बल पर सैलून संचालक प्रिंस कुमार से एक हजार रुपये लूटी, उनकी बाइक क्षतिग्रस्त की और दूसरे राहगीर पर भी हमला किया। पुलिस पहुंची तो आरोपी ने गाली-गलौज कर वर्दी फाड़ दी। खरीक पुलिस ने छोटू को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पीड़ित सैलून संचालक प्रिंस कुमार ने थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि बुधवार रात करीब साढ़े नौ बजे दुकान बंद कर बाइक से घर लौट रहे थे। खरीक बाजार ठाकुरबाड़ी चौक पहुंचते ही नशे में धुत छोटू पासवान ने तलवार दिखाकर रोका और जानलेवा हमला किया।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

प्रिंस ने छलांग लगाई तो तलवार बाइक की टंकी में लगी और वे बाल-बाल बचे। छोटू ने पांच हजार रुपये रंगदारी मांगी, न देने पर जेब से एक हजार रुपये छीन लिए। डर से प्रिंस बाइक छोड़कर भागे और डायल-112 को सूचना दी। इसी बीच छोटू ने परबत्ता थाना क्षेत्र के बहत्तरा निवासी रजनीकांत साह को भी रोका, जो रिश्तेदार के यहां भोज खाने बाइक से जा रहे थे।

तलवार से हमला किया तो रजनीकांत भी बाइक छोड़कर भागे। छोटू ने दोनों बाइकें तलवार से क्षतिग्रस्त कर दीं और घर चला गया। कुछ देर बाद फिर हमलावरों को मारने लौटा, तभी डायल-112 पुलिस पहुंची। छोटू ने पुलिस को गाली दी, हाथापाई की और वर्दी फाड़ दी। सूचना पर खरीक थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छोटू को गिरफ्तार किया।

दोनों क्षतिग्रस्त बाइकें जब्त कर थाने लाई। थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार ने बताया कि छोटू पासवान के खिलाफ रंगदारी, लूट, जानलेवा हमला, सरकारी कार्य में बाधा और पुलिस पर हमले की प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी को गुरुवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया, जांच जारी है।