नवगछिया नगर की मुख्य पार्षद की कुर्सी बरकरार.. इतने मत से चूक गया विपक्ष, अविश्वास खारिज-Naugachia News
नवगछिया : नवगछिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद प्रीति कुमारी की कुर्सी बरकरार रह गयी है. मुख्य पार्षद पर वार्ड नंबर चार की पार्षद सुनीता देवी द्वारा लगाये गये अविश्वास प्रस्ताव को नियुक्त पर्यवेक्षक डीसीएलआर नवगछिया परमानंद साह ने खारिज कर दिया है. निर्धारित बैठक में कुल 13 पार्षद उपस्थित हुए. ग्यारह ने अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में मतदान किया तो दो पार्षद ने विपक्ष में मतदान किया. मतदान के बाद डीसीएलआर परमानंद साह ने अपना अधिकृत बयान जारी करते हुए कहा कि नवगछिया नगर पंचायत में कुल पार्षदों की संख्या 23 है. अविश्वास प्रस्ताव के लिए नियमत: 50 फीसदी से ज्यादा पार्षदों की सहमती आवश्यक है. लेकिन कराये गये गुप्त मतदान में सिर्फ ग्यारह पार्षदों ने ही अविश्वास प्रस्ताव का समर्थन किया. इसलिए अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!डीसीएलआर के इस घोषणा के बाद भी दो घंटे तक नगर पंचायत में हाइवोल्टेज ड्रामा चलता रहा. सुनीता देवी की तरफ से उपमुख्य पार्षद अभिषेक रमण उर्फ टीएन यादव और पार्षद अजय कुमार प्रमोद ने उनका पक्ष डीसीएलआर के समक्ष रखा तो डीसीएलआर ने दूसरी बार पत्रकारों को बुला कर अपना बयान जारी करते हुए कहा कि बिहार नगर पालिका अधिनियम 2007 की धारा 25 की उपधारा चार के तहत स्थिति स्पष्ट नहीं होने के कारण फैसले को सुरक्षित रखा जाता है और इस संदर्भ में जिला निर्वाचन विभाग ने मंतव्य लिया जायेगा. फैसला सुरक्षित होते ही मुख्य पार्षद प्रीति कुमारी का पक्ष उनके पति और प्रतिनिधि प्रेम सागर उर्फ डब्लू यादव ने डीसीएलआर के समक्ष रखा. अंतत: डीसीएलआर नवगछिया ने फिर मीडिया कर्मियों को बयान जारी करते हुए कहा कि जो भी उधेड़बुन की स्थिति आ रही थी उसे जिले के वरीय पदाधिकारी से बात चीत कर स्पष्ट किया गया.


अविश्वास प्रस्ताव को खारिज किया जाता है. जो भी इस फैसले से संतुष्ट नहीं है वे वरीय पदाधिकारियों या फिर न्यायालय में मामले को लेकर जा सकते हैं. अविश्वास प्रस्ताव को लेकर निर्धारित बैठक में उपस्थित कुल 13 पार्षदों में वार्ड नंबर एक से नागेश्वर सिंह, दो से माहिल सिंह, तीन से लालमणि देवी, चार से सुनीता देवी, सात से विमंजी खातून, नौ से गीता दवी, 15 से सिनिया देवी, 16 से अजय कुमार उर्फ प्रमोद कुमार यादव, 17 से प्रीति कुमारी, 18 से चंपा कुमारी, 20 से दीपक कुमार, 22 से अभिषेक रमण उर्फ टीएन, 23 से मदन प्रसाद शर्मा उपस्थित थे.
मुख्य पार्षद पर धमकी देने का आरोप
वार्ड नंबर सात की पार्षद विमंजी खातून ने मुख्य पार्षद प्रीति कुमारी पर आरोप लगाते हुए कहा कि बैठक के बाद प्रीति कुमारी ने उन्हें धमकी भरे लिहजे में कहा कि हो गया शौक पूरा ? विमंजी खातून ने कहा कि अगर आये दिन उसके साथ कुछ भी होता है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा. विमंजी खातून ने नगर पंचायत के मुख्य गेट के समक्ष करीब बीस मिनट तक उक्त बातों को लेकर हंगामा करती रहीं. दूसरी तरफ नगर पंचायत की मुख्य पार्षद प्रीति कुमारी ने कहा कि आरोप पूरी तरह से निराधार है. उन्होंने किसी को धमकी नहीं दी है.

सबों का जीतेंगे विश्वास : डब्लू यादव
नवगछिया नगर पंचायत की मुख्य पार्षद प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव ने अविश्वास प्रस्ताव खारित होने के बाद कहा कि यह जनता की जीत है, विकास की जीत है, विश्वास की जीत है. मैं जनता को अश्वस्त करना चाहता हूं कि जनता ने एक पार्षद प्रतिनिधि होने के नाते उन पर जो विश्वास किया है उसे कभी टूटने नहीं देंगे. वे हर सुख दुख में लोगों के साथ रहेंगे और क्षेत्र के विकास के प्रति समर्पित रहेंगे.
लोगों ने दी बधाई
मुख्य पार्षद प्रीति कुमारी की कुर्सी बरकरार रहने पर उनके समर्थकों वरीय अधिवक्ता योगेंद्र यादव, अधिवक्ता कौशल चौधरी, संतोष कुमार, एमएलसी प्रतिनिधि अभिनंदन यादव, भाजपा के मंडल महामंत्री प्रवेश कुमार यादव, डा देवती यादव, मुखिया कृष्ण कुमार, दयानंद यादव, डा बीपी सिंह, पूर्व प्राचार्य विष्णुदेव यादव, डा मुकुल पोद्दार आदि अन्य ने मुख्य पार्षद प्रीति कुमारी और मुख्य पार्षद प्रतिनिधि प्रेमसागर उर्फ डब्लू यादव को बधाई देते हुए खुशी जाहिर किया है.

