खरीक| देवी जगरना के बाद गुरुवार की देर रात प्रखंड के मंदिरों में स्थापित मां दुर्गा का पट भक्तों के लिए खोल दिया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। ध्रुवगंज स्थित नई और पुरानी दुर्गा मंदिर, नया टोला भवनपुरा, बगड़ी, चोरहर, राघोपुर भवनपुरा में दुर्गा मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रही।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!भक्तों ने निष्ठा के साथ पूजा अर्चना की। इस दौरान जय माता दी के जयकारे से इलाका गूंज उठा। मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी लाइट से सजाया गया था। शुक्रवार को माता के नौवें स्वरूप सिद्धिदात्री की पूजा की जाएगी। शनिवार को दसवीं पूजा-अर्चना के साथ प्रतिमा का विसर्जन देर रात किया जाएगा।
विधि-व्यवस्था को बनाए रखने के लिए थानाध्यक्ष इंस्पेक्टर नरेश कुमार, बीडीओ राजीव रंजन कुमार, बीपीआरओ नागेश्वर प्रसाद जवानों के साथ विभिन्न मंदिरों का भ्रमण कर सुरक्षा का जायजा लेते दिखे। थानाध्यक्ष ने बताया कि हर हाल में शांतिपूर्ण माहौल में त्योहार संपन्न कराने को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।

नारायणपुर| सिद्ध पीठ मणिद्विप के रूप में प्रख्यात भ्रमरपुर दुर्गा मंदिर समेत नारायणपुर चौहद्दी दुर्गा मंदिर, रेलवे-स्टेशन परिसर दुर्गा मंदिर और शाहपुर चौहद्दी दुर्गा मंदिर में जगतजननी माता दुर्गे की प्रतिमा स्थापित कर दी गई है। प्रतिमा स्थापित होते ही माता के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
युवतियां और महिलाओं ने मां दुर्गा का खोईंछा भर कर सुख और शांति की मंगल कामनाएं की। वहीं मेला को लेकर भवानीपुर पुलिस ने विभिन्न मंदिरों में महिला-पुरूष पुलिस बलों की तैनाती की है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पूजा कमेटी को पुलिस बल को सहयोग करने की अपील की गई है।
