नवगछिया : दूसरे चरण का नामांकन शुरू — अनुमंडल कार्यालय बना पुलिस छावनी

NEWS

नवगछिया में बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण का नामांकन शुरू — अनुमंडल कार्यालय बना पुलिस छावनी

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

नवगछिया (भागलपुर): बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के दूसरे चरण को लेकर सोमवार से नामांकन प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत हो गई। नामांकन के पहले दिन नवगछिया अनुमंडल कार्यालय में पूरे दिन चहल-पहल बनी रही। सुरक्षा व्यवस्था इतनी सख्त थी कि पूरा परिसर पुलिस छावनी में तब्दील नजर आया।

इस दौरान प्रशासनिक और निर्वाचन पदाधिकारियों की सक्रियता साफ झलक रही थी। नामांकन प्रक्रिया के सुचारू संचालन के लिए 152 – बिहपुर विधानसभा क्षेत्र और 153 – गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के लिए अलग-अलग काउंटरों की व्यवस्था की गई थी। दोनों ही काउंटरों पर संबंधित निर्वाचन पदाधिकारियों और कर्मियों की तैनाती की गई थी ताकि उम्मीदवारों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार नामांकन दाखिल करने का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 3:00 बजे तक निर्धारित किया गया था। जैसे ही घड़ी ने दोपहर 2:58 का समय दर्शाया, दोनों विधानसभा के निर्वाचन पदाधिकारियों ने माइक के माध्यम से घोषणा कर दी कि नामांकन की समयसीमा समाप्त होने वाली है। साथ ही उपस्थित उम्मीदवारों, प्रस्तावकों और समर्थकों को सूचित किया गया कि जो लोग नामांकन दाखिल करने के लिए प्रतीक्षारत हैं, वे तत्काल संबंधित काउंटर पर पहुंचें।

नामांकन स्थल के बाहर प्रशासन ने कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की थी। अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस बल की विशेष तैनाती की गई थी। भीड़-भाड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई थी ताकि किसी तरह की अव्यवस्था या धक्का-मुक्की की स्थिति उत्पन्न न हो।

चुनाव विभाग की ओर से बताया गया कि नामांकन प्रक्रिया अगले कुछ दिनों तक जारी रहेगी। इसके बाद नामांकन पत्रों की जांच और फिर नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।