नवगछिया : एनएच-31 पर सड़क हादसा, युवक की मौत; चचेरा भाई गंभीर
बिहपुर प्रखंड के झंडापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच 31 पर बुधवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। गुरुवार को मृतक का अंतिम संस्कार महादेवपुर गंगा घाट पर किया गया।
जानकारी के अनुसार, झंडापुर पंचायत वार्ड संख्या-4 निवासी संजय मोदी का 20 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार मोदी अपने चचेरे भाई छोटू कुमार के साथ देर रात घर से दयालपुर स्थित निजी पेट्रोल पंप जा रहा था। बताया गया कि दोनों वहां अपनी दुकान चलाते थे।
इसी दौरान झंडापुर के समीप एनएच-31 पर तेज रफ्तार पिकअप वाहन की चपेट में आने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही झंडापुर थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को बिहपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को पूर्णिया रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान अभिषेक की मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल छोटू कुमार की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। उसे बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है।
युवक की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अभिषेक मेहनती और मिलनसार स्वभाव का युवक था तथा परिवार के कामकाज में भी हाथ बंटाता था।
इधर दुर्घटना में शामिल पिकअप वाहन को झंडापुर पुलिस ने कब्जे में लेकर एक निजी होटल परिसर में रखा है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

