अब भागलपुर से लोग पानी जहाज से साहिबगंज, कटिहार, मालदा तक आ-जा सकेंगे। इसके साथ सामान की ढुलाई भी हो सकेगी। भारतीय अंतर्देशीय जलमार्ग प्राधिकरण ने सड़क मार्ग पर बढ़ते भार को कम करने के लिए जलमार्ग सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। इससे न केवल भागलपुर से झारखंड और पं. बंगाल पहुंचना आसान हो पाएगा बल्कि इसके जरिए सामान की ढुलाई भी अपेक्षाकृत सस्ती होगी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!इसके लिए भागलपुर और कहलगांव समेत 6 जगह टर्मिनल बनाने की तैयारी है। मंत्रालय ने इस काम में जिला प्रशासन से सहयोग मांगा है। डीएम प्रणव कुमार ने अपर समाहर्ता भागलपुर की अध्यक्षता में चार सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इसमें जिला परिवहन पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी कहलगांव और नवगछिया शामिल हैं।

डीएम ने कमेटी को कहा है कि उपनिदेशक, जल मार्ग प्राधिकरण, साहिबगंज के साथ समन्वय बनाकर काम को आगे बढ़ाएं। डीएम ने बताया कि गंगा का जल्द सर्वे करने के बाद तय होगा कि भागलपुर और कहलगांव में टर्मिनल कहां बनेंगे? कहलगांव-तीनटंगा, साहिबगंज-मनिहारी और राजमहल-मानिकचक के बीच गंगा में जहाज चलाया जाएगा। इन जगहों पर टर्मिनल भी बनाए जाएंगे। भागलपुर को झारखंड और पं. बंगाल को जोड़ने वाले एनएच 80 की जर्जर हालत और जाम के कारण आने-जाने में भारी परेशानी हो रही है।

कहलगांव में भैना पुल के कमजोर होने के कारण पत्थर और दूसरे सामान ढोने वाली गाड़ियों को आने-जाने में परेशानी होती है। ऐसे में जलमार्ग शुरू होने से आमलोगों के साथ-साथ व्यापार को भी फायदा होगा।
