,, पूर्णिया जिले व आस पास के क्षेत्रों से रकम निकासी की सूचना
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!,, पीड़ित पीरपैंती के शेरमारी बाजार के हैं निवासी, अपने साढ़ू के यहां आये थे नवटोलिया
नारायणपुर : नारायणपुर भवानीपुर थाना क्षेत्र के मधुरापुर बाजार में एक एटीएम मशीन के पास एटीएम बदल कर जालसाजों ने पीरपैंती के शेरमारी बाजार निवासी दिनेश साह के एटीएम से दस लाख रुपये से अधिक की निकासी कर ली है. जब साइबर क्राइम का शिकार हो जाने की बात दिनेश साह को पता चला तो उन्होंने नारायणपुर भवानीपुर थाना जा कर मामले की लिखित शिकायत की. भवानीपुर थानाध्यक्ष अनि सुदीन राम छान बीन में जुट गये हैं. दिनेश साह ओड़ीसा में सिलाई का कार्य करते हैं. उन्होंने जानकारी देते हुए कहा कि उनकी 45 डिसमिल जमीन एनटीपीसी कहलगांव द्वारा अधिग्रहित किया गया था. जिसके एवज में उन्हें 18 लाख रुपये थे जो उनके पीरपैंती के यूको बैंक खाता संख्या 33871925985 खाते में जमा था. मंगलवार को वे नारायणपुर के मधुरापुर बाजार स्थित अपने साढ़ू रघुवंश भगत के यहां आये थे. मंगलवार को ही उन्होंने मधुरापुर स्थित यूको बैंक के एटीएम से दस हजार रुपये की निकासी की. उन्हें फिर रकम की जरूर हुई और वे फिर पांच हजार रुपये निकालने यूको बैंक के एटीएम में गये तो उनका रकम निकासी नहीं हुआ. रकम निकासी नहीं होते देख एक युवक उनकी सहायता के लिए आया. दिनेश साह का कहना है कि उन्हें आशंका है कि उनका एटीएम वहीं पर बदल लिया गया. इसके बाद बुधवार को जब उन्होंने एटीएम से अपना खाता चेक किया तो उनके एटीएम से दस लाख से अधिक रुपये गायब हो गये थे. उन्होंने इसकी सूचना पुलिस को दी. पुलिस के कहने पर बैंक से खाते के निकासी का डिटेल निकाला गया तो पता चला है कि पूर्णिया जिला और उसके आस पास के क्षेत्रों से मंगलवार और बुधवार को दोपहर तक खाते से निकासी हुई है. यह भी जानकारी मिली है कि गोपालपुर थाना क्षेत्र के गोसांयगांव के एक सिपाही जो कि बड़े राजनेता के अंगरक्षक हैं उनके खाते में भी चालीस हजार रुपये की राशि हस्तांतरित किया गया है. जबकि इस बात का भी पता चला कि पूर्णियां के कुछ बैंकों से भी निकासी की गयी है. एटीएम हासिल होने के बाद जालसाज ने सबसे पहले पूर्णियां के मरंगा थाना से तीस हजार की निकासी की. फिर पूर्णियां के ही अगल अलग एटीएम से निकासी की. मंगलवार को सात चरण में और बुधवार को भी सात चरण में चालीस, चालीस हजार रुपये की निकासी की है. नारायणपुर पुलिस मामले के उद्भेदन में किसी साइबर एक्सपर्ट की सहायता लेने की सोच रही है. थानाध्यक्ष सुदीन राम ने कहा कि पुलिस छान बीन में जुटी है. जल्द ही मामले में उदभेदन की संभावना है.














