भागलपुर । अमेरिकी खुफिया एजेंसी सीआइए को 2004 में जिस आतंकी मु. तौहिद की तलाश थी, उसके कश्मीर में होने की बात कही जा रही है। तकनीकी निगरानी में खुफिया महकमा को इसकी जानकारी हाथ लगी है। तौहिद भागलपुर जिले के सिमरिया का रहने वाला है। इन दिनों कश्मीर में हो रही आतंकी घटनाओं के संचालन में उसकी बड़ी भूमिका होने की बात सामने आ रही है। कहा जा रहा है कि वह दर्जनों लड़कों को आतंकी बनाने के लिए सब्जबाग दिखा भर्ती भी करा चुका है। अमेरिकी खुफिया एजेंसी अमेरिका में संचालित विघटनकारी गतिविधियों में उसके शामिल होने के साक्ष्य मिलने पर उसकी तलाश शुरू की थी।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!तब 2004 में पुलिस महानिदेशक के निर्देश पर तत्कालीन पुलिस अधीक्षक रविंद्रण शंकरण ने तौहिद की तलाश कराई थी। तब तत्कालीन डीएसपी विधि-व्यवस्था के नेतृत्व में नाथनगर इंस्पेक्टर, कजरैली थानाध्यक्ष सिमरिया गांव में तौहिद की खोज की थी। उस वक्त तौहिद का गांव में पता नहीं चल सका था। लेकिन उसने वर्ष 2001 में सिमरिया के पते पर पासपोर्ट बनवाने में कामयाबी हासिल कर ली थी। पासपोर्ट संख्या ए-3931924 के जरिए अमेरिका में भी प्रवेश पाया था। वहां रहकर विघटनकारी गतिविधियों में शामिल हो गया था। खुफिया महकमे को इस बात की हाल में जानकारी मिली है कि इन दिनों वह जैश की सरपरस्ती में कश्मीर घाटी में आतंकी गतिविधियों का संचालन कर रहा है।

दिल्ली ब्लास्ट में सोहेल की तलाश
दिल्ली बम ब्लास्ट कांड और संसद पर हमले में शाहकुंड के सोहेल की भी तलाश सुरक्षा एजेंसियां कुछ साल पूर्व कर चुकी है। शाहकुंड के इंग्लिश मोकिमपुर गांव निवासी सोहेल की तलाश में भागलपुर के तत्कालीन डीएसपी संजय भारती ने छापेमारी की थी। शाहकुंड पुलिस ने तब सोहेल की मार्शल जीप जब्त की थी। तब उसके परिजन यह कहते रहे कि उसके बहनोई मंजर उर्फ जानी ने उसे इस जाल में फंसाया है। उसके दिल्ली में ही भूमिगत होने की जानकारी बाद में पुलिस को मिली। यह भी पता लगाने में खुफिया महकमा कामयाब हुआ कि सोहेल काम की तलाश में दिल्ली गया था। वहां अफगानी युवती नाजिया परवीन से शादी की थी। खुफिया महकमा उसकी कुंडली खंगालनी शुरू की तो पता चला वह फर्जी पासपोर्ट के आधार पर अफगानिस्तान समेत अन्य देश जा चुका है।
