बिहपुर: प्रखंड के झंडापुर ओपी क्षेत्र के झंडापुर गांव में बुधवार को दहेज के लिये एक विवाहिता की हत्या कर दी गयी। महिला के पिता मधेपुरा जिले के उदाकीशुनगंज थाने के गोपालपुर निवासी शम्भू सहनी ने झंडापुर ओपी में प्राथमिकी दर्ज करायी है। इसमें उसने दमाद अमन कुमार सिंह उर्फ बमबम सिंह समेत उनके परिजन अन्नु कुमार, आकाश कुमार, लूसी कुमारी एवं नीलम देवी को नामजद किया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!प्राथमिकी में बताया गया है कि मेरी पुत्री मनीषा कुमारी की शादी दो वर्ष पहले झंडापुर निवासी अमन कुमार सिंह उर्फ बमबम कुमार सिंह से हुई थी। उसे डेढ़ साल की पुत्री आरोही है। बुधवार को सूचना मिली कि आपकी बेटी की हत्या कर दी गई है। इसके बाद हमलोग झंडापुर पहुंचे तो वहां बेटी का शव देखा। प्राथमिकी में बताया गया है कि मेरी पुत्री की हत्या आरोपियों ने गला दबाकर हत्या की है। उसके बाद हमलोगों ने सूचना झंडापुर ओपी प्रभारी जवाहर लाल सिंह को दी।

ओपी प्रभारी घर पहुंच कर लाश को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्टमॉर्टम के लिये नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया। उधर, घटना के बाद से ससुराल वाले घर से फरार हैं। ओपी प्रभारी श्री सिंह ने बताया कि महिला के पिता के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिये छापेमारी की जा रही है ।
