नवगछिया : रंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत सधुआ चापर में मुहर्रम को लेकर निकाले गए ताजिया जुलूस के दौरान अखाड़े को लेकर दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस को लेकर दोनों ओर से रोड़ेबाजी शुरू हो गई. जिसमें दोनों पक्षों के लगभग एक दर्जन लोग जख्मी हो गए. घटना के बाद अखाड़ा स्थल पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस वालों ने इसकी सूचना रंगरा थाना अध्यक्ष ए के आजाद को दी.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सूचना मिलते ही रंगरा थाना अध्यक्ष ए के आजाद अपने अतिरिक्त पुलिस बलों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए इसकी सूचना अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया एवं एसडीपीओ नवगछिया को दी. इसकी सूचना मिलने के बाद नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी डॉक्टर आदित्य प्रकाश एवं एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन रंगरा के प्रभारी प्रखंड विकास पदाधिकारी राजीव कुमार रंजन, अंचलाधिकारी जितेंद्र कुमार राम मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के लोगों को समझा बुझा कर मामले को शांत कराया.

अखाड़ा स्थल पर शांतिपूर्वक पहलाम संपन्न कराने के लिए अनुमंडल पदाधिकारी नवगछिया डॉक्टर आदित्य प्रकाश एवं एसडीपीओ मुकुल कुमार रंजन ने रंगरा थाना अध्यक्ष ए के आजाद को अखाड़ा स्थल पर खुद मौजूद रहने का निर्देश दिया. तनाव के मद्देनजर एहतियात के तौर पर अखाड़ा स्थल पर छह दंडाधिकारी के नेतृत्व में दो दर्जन से भी अधिक पुलिस बलों की तैनाती की गई है। वहीं दूसरी ओर अखाड़ा स्थल पर शांतिपूर्वक पहलाम संपन्न कराने के लिए रंगरा थाना अध्यक्ष ए के आजाद पुलिस के साथ खुद कैंप किए हुए हैं.
क्या है मामला
स्थानीय ग्रामीणों से मिली जानकारी के अनुसार सधुआ चापर में पछियारी मुस्लिम टोला एवं बिचली मुस्लिम टोला के बीच ताजिया जुलूस के अखाड़े को लेकर लगभग 10 वर्षों से विवाद चलता आ रहा है. इस मामले को लेकर पूर्व में भी कई बार दोनों पक्षों के बीच हिंसक झड़प हुई है. पछियारी मुस्लिम टोले के लोगों का अखाड़ा स्थल प्रार्थमिक विद्यालय सधुवा के मैदान में है. जहां पर टोले के सभी लोग ताजिया जुलूस के बाद पहलाम करते हैं. वही दूसरी ओर बिचली मुस्लिम टोले के लोग अपने टोले में ही ताजिया जुलूस के बाद पहला करते है. मगर इस बार विचली टोले के लोग भी प्रार्थमिक विद्यालय साधुआ के अखारा स्थल पर पहुंच गए और पहलाम करने लगे. जिस के फलस्वरुप पछियारी टोला के लोग आक्रोशित हो गए. इसको लेकर दोनों तरफ से रोड़ेबाजी शुरू हो गई .दोनों पक्षों के बीच हुई रोड़ेबाजी में लगभग दो दर्जन लोग मामूली रुप से जख्मी हो गए.
