मां-बाप ने मजबूरी में अपनी दस साल की गुड़िया(बदला हुआ नाम) की शादी 40 साल के लड़के से तय कर दी। उसे किताबों और खिलौनों का शौक था, वह खेलना चाहती थी, पढ़ना चाहती थी, अपनी मां-बाप की मजबूरी के आगे उसने हार नहीं मानी, उसने शादी करने से साफ इंकार कर दिया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!मामला कोढ़ा थाना क्षेत्र के रामपुर पंचायत के हडियाभीड़ इलाके की है जहां एक दस साल की लड़की के माता-पिता ने उसकी शादी यूपी के बलरामपुर जिले के रहने वाले 40 साल के कमलेश कुमार से तय कर दी। गुड़िया के बदले में कमलेश कुमार उसके परिजनों को 30 हजार रुपए दे रहा था।

रविवार को लड़के वाले यूपी से कटिहार पहुंचे। बातचीत के बाद सगाई के एवज में लड़के वालों ने गुड़िया के परिजनों को 30 हजार रुपए देकर शादी का सौदा पक्का कर लिया। इसके बाद लड़की दिखाने की रस्म अदा की जा रही थी। गुड़िया ने जब अंधेड़ उम्र के लड़के को देखा तो उसके होश उड़ गये। उसने सबके सामने सगाई करने से इंकार कर दिया।
गुड़िया के इंकार करने के बावजूद परिजन बचपना बताकर शादी करने पर अड़े रहे, लेकिन इसकी भनक स्थानीय लोगों को लग गयी। कुछ उत्साही युवकों ने दूल्हे को पकड़ लिया और पंचायत भवन में बंद कर दिया। इसके बाद मुखिया रामनाथ पाण्डे को खबर कर दी। मुखिया ने आनन-फानन में स्थानीय पुलिस को खबर दे दी। खबर मिलते ही पुलिस पहुंची और दूल्हे और उसके परिजनों को लेकर थाने चली गई।
रामपुर पंचायत के मुखिया रामनाथ पाण्डे ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने शादी के एवज में एडवांस तेरह हजार रुपये देने की बात भी कबूली हैं। कटिहार के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी लाल बाबू यादव ने बताया कि पुलिस ग्रामीणों द्वारा सुपुर्द आरोपी से पूछताछ कर रही हैं और उसके बाद विधिसम्मत कार्रवाई की जायेगी।
