गोपालपुर थाना क्षेत्र के पकरतकिया बाबूटोला-कमलाकुंड गांव के पास गुरुवार की सुबह साढ़े पांच बजे नवगछिया की ओर से बारात से लौट रही अनियंत्रित गाड़ी ने दो युवकों को कुचल दिया। इस घटना में संतोष रजक और अजीत कुमार गंभीर रूप से घायल हो गये। संतोष सिपाही में बहाली के लिए सड़क पर दौड़ लगा रहा था, जबकि अजीत कुमार शौच के लिए सड़क के किनारे निकला था। घटना के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को मायागंज अस्पताल भागलपुर भेजा गया।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!रेस लगा रही थी बारात गाड़ी
घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने बताया कि बारात से लौटने के दौरान दोनों गाड़ियों के चालक आगे जाने के लिए रेस लगा रहे थे। उसी क्रम में यह घटना हो गयी। घटना के बाद गाड़ी सड़क के नीचे एक पेड़ से टकरा गयी, जिसमें उसका अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है।

आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम किया
घटना के बाद आक्रोशित परिजनों ने नवगछिया-गोपालपुर सड़क को जाम कर दिया। लोग पांच घंटे तक सड़क पर जमे रहे और घायलों को मुआवजा दिए जाने की मांग करते रहे। प्रखंड विकास पदाधिकारी और थानाप्रभारी के आश्वासन पर जाम टूटा। घायलों की स्थिति नाजुक होने के कारण मायागंज अस्पताल भागलपुर रेफर कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हादसे के बाद कार ड्राइवर भागने में सफल रहा। कार को गोपालपुर पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
