जदयू की बैठक खत्म: नीतीश का बड़ा बयान, सरकार अपना काम करेगी और कानून …

भागलपुर / पटना

पटना : मुख्यमंत्री आवास पर जदयू की अहम बैठक खत्म हो गई है, बैठक में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के इस्तीफे पर चर्चा हुई है और अब कुछ देर में पार्टी की तरफ से प्रेस कांफ्रेंस कर बैठक में हुई चर्चा और तेजस्वी के इस्तीफे के मामले में लिए गए फैसले  की जानकारी मीडिया को दी जाएगी।

Whatsapp group Join

Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!

बैठक के बाद मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बड़ा बयान देते हुए कहा है कि सरकार अपना काम करेगी और कानून अपना काम करता रहेगा। नीतीश के इस बयान से यह पता चलता है कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव पर कोई बड़ा फैसला नहीं लिया जा सका है।

पार्टी नेताओं ने किसी भी फैसले के लिए नीतीश को अधिकृत किया था और अब जो फैसला लिया गया है वो सबके लिए सर्वमान्य होगा। थोड़ी देर के बाद जदयू कार्यालय में पार्टी प्रवक्ता नीरज कुमार मीडिया से मुखातिब होंगे और स्पष्ट करेंगे कि एेसा फैसला मुख्यमंत्री ने क्यों लिया है?

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मुख्यमंत्री तेजस्वी मामले में अभी कुछ समय देना चाहते हैं और सभी स्थितियां स्पष्ट होने के बाद ही कोई बड़ा फैसला ले सकते हैं।

हालांकि बैठक से पहले जदयू नेताओं ने एक सुर में कहा था कि कहीं कोई मुश्किल की स्थिति नहीं है। नीतीश कुमार अपनी छवि के लिए जाने जाते हैं और आज भी वो अपने सिद्धांतों से कोई समझौता नहीं करेंगे। नेताओं का कहना है कि जो देश हित में होगा, जो बिहार के हित में होगा हमारी पार्टी वही फैसला लेगी।

सोमवार को राजद के बैठक के बाद अब सबकी नजर मुख्यमंत्री के आवास पर जदयू की बैठक के फैसले पर टिकी थी। राजद की बैठक में उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव के इस्तीफे में पार्टी ने साफ कर दिया था कि तेजस्वी इस्तीफा नहीं देंगे अब आज जदयू ने भी फैसला सुना दिया कि अभी एेसा कोई फैसला नहीं लिया गया है।

आज की जदयू की बैठक में इस अहम मुद्दे के साथ ही पार्टी की कार्यकारिणी के विस्तार पर भी चर्चा हुई।

बैठक में विधानमंडल के सदस्य, मंत्री, प्रवक्ता और प्रकोष्ठों के अध्यक्ष भी मौजूद रहे। जदयू की यह राज्य कार्यकारिणी की विस्तारित बैठक बुलाई गई थी जिसे पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने संबोधित किया।

बैठक के बाद आज शाम चार बजे पार्टी के प्रवक्ता नीरज कुमार प्रेस कांफ्रेंस को संबोधित करेंगे और बैठक में हुए फैसले से मीडिया को अवगत कराएंगे, उनके साथ जदयू ने नये प्रवक्ता विद्यासागर निषाद, निखिल मंडल और भारती मेहता को भी प्रेस कांफ्रेंस में सवालों के जवाब देने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

भाजपा ने जदयू को दिया है खुला अॉफर

कल राजद की बैठक में पार्टी ने उपमुख्यमंत्री तेजस्‍वी यादव पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों और बीजेपी के इस्तीफे की मांग को खारिज करते हुए राजद ने स्पष्ट कह दिया है कि तेजस्वी इस्तीफा नहीं देंगे। इससे बढ़े राजनीतिक तापमान का आकलन करते हुए बीजेपी ने नीतीश कुमार से कहा है कि अगर वो लालू का साथ छोड़ दें तो हम बाहर से समर्थन देेने को तैयार हैं।

हालांकि उन्होंने यह भी कहा कि अंतिम फैसला केंद्रीय नेतृत्व का होगा। लेकिन, इसकी संभावना बहुत ही कम है कि बिहार में सत्ता में बदलाव के समीकरण देखने को मिले और आज हुआ भी वही है।

नीतीश शायद करेंगे अभी इंतजार

इन सब राजनीतिक गहमागहमी के बीच जदयू की आज की बैठक महत्वपूर्ण मानी जा रही थी। बिहार की राजनीति का सबसे बड़ा सवाल इस वक्‍त यही है कि तेजस्‍वी यादव का सियासी भविष्‍य क्‍या होगा? इसकी वजह यह है कि इससे पहले पांच मंत्रियों पर भ्रष्‍टाचार के मामले उजागर होने के बाद नीतीश कुमार ने उनसे इस्‍तीफा ले लिया था, लेकिन अभी वो हड़बड़ी में कोई भी एेसा फैसला लेने के पक्ष में नहीं हैं जिससे परेशानी बढ़े।

नीतीश की छवि उनकी सबसे बड़ी पूंजी

दरअसल नीतीश कुमार की छवि ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है। वह इस मोर्चे पर किसी भी कीमत पर समझौता नहीं करते हैं। संभवतया इसीलिए उन्‍होंने राजद की बैठक का इंतजार किया और उसके बाद ही खुद की पार्टी की भी राय ली। अब उनका अगला स्टैंड क्या होगा? यह भी कुछ समय बाद स्पष्ट हो ही जाएगा।