भागलपुर : तिलकामांझी थानेदार विजय चंद्र शर्मा की मौत के बाद हत्या का मामला दर्ज करने के बाद पुलिस ने कई बिंदुओं पर गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। हवाई अड्डे के रनवे पर घटना से जुड़े 25 तस्वीरों का एलबम तैयार किया गया है। सोमवार शाम थानेदार की हत्या की रिपोर्ट दर्ज करने के बाद पुलिस ने घटनास्थल पर तस्वीरों का संकलन शुरू किया। साथ ही पुलिस का कहना है कि एफएसएफ विशेषज्ञों से दुर्घटना का डेमो कराकर घटना की पड़ताल की जाएगी। इसके अलावा पुलिस के आलाधिकारियों ने तिलकामांझी थाने को हत्या से जुड़े अलग-अलग बिंदुओं पर जांच का निर्देश दिया गया है।
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!
पुलिस ने हत्या के साक्ष्य को पुख्ता करने के लिए घटना से जुड़े तस्वीरों का संकलन किया है। सोमवार को डीआईजी की समीक्षा के पहले 25 मई को सिटी डीएसपी शहरयार अख्तर ने विजय की मौत मामले की समीक्षा की थी। एफएसएल एक्सपर्ट के रिपोर्ट के आधार पर डीएसपी ने माना था कि थानेदार की हत्या हुई थी और हत्या के बिंदु पर जांच करने की जरुरत है। डीआईजी विकास वैभव ने कहा कि परिस्थितिजन्य साक्ष्यों के आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। एफएसएल एक्सपर्ट के रिपोर्ट आने के बाद डीएसपी के सुपरविजन रिपोर्ट से जांच को काफी बल मिला है। घटना से जुड़े अब तक जो साक्ष्य आया है उससे पता चला है कि गाड़ी के 110 के स्पीड में रहने के कारण घटना घटी है। एमवीआई ने भी ओवरस्पीड के कारण घटना होने की बात कही है। इन तमाम बिंदुओं पर एफएसएल की टीम डेमो के जरिये पता लगाएगी। साथ ही पुलिस पता लगा रही है कि विजय चंद्र शर्मा की किस शराब माफिया और भू-माफियाओं से पंगा चल रहा था। इसके लिए भी सबूत जुटाया जा रहा है।
मौके पर पहुंचने वाले थानेदारों का लिया जाएगा बयान

तिलकामांझी थानेदार के 19 मार्च की रात हवाई अड्डे के रनवे पर मौत की सूचना के बाद शहर कई थानेदार मौके पर पहुंचे थे। थानेदारों की मौजूदगी में स्कार्पियों से दबे थानेदार को शव बाहर निकाला गया था। घटनास्थल को इन लोगों ने करीब से देखा था। इसलिए थानेदारों के बयान को जांच में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। विजयचंद्र शर्मा की पत्नी घटना की सूचना पर हवाई अड्डा पर पहुंची थी। इसलिए गुरुवार को पहले प्रियंका का बयान लेने की संभावना है। इसके अलावा शव परीक्षण रिपोर्ट की भी जांच की जा रही है। जानकारी ली जा रही है कि शव के किन हालत में पोस्टमार्टम के लिए परीक्षण रिपोर्ट तैयार की गई थी। पुलिस घटना से जुड़े हर बिंदुओं की बारिकी से जांच करने में जुटी है।
टायर को जांच के लिए भेजा जाएगा
घटना के बाद विजय चंद्र शर्मा के स्कार्पियो को पुलिस लाइन में रखा गया है। स्कार्पियों के बाए दोनों टायरों में छेद मिला था। इसपर तरह-तरह के सवार उठ रहे थे। थानेदार की पत्नी प्रियंका ने टायर में गोली का दाग होने की बात कही है। एसएसपी के निर्देश पर कोर्ट से अनुमति लेकर तिलकामांझी पुलिस दोनों टायर की एफएसएल से जांच कराएगी।
