नवगछिया : छठ पर्व को लेकर प्रशासनिक स्तर से सारी तैयारी पूरी कर ली गई है. खतरनाक छठ घाटो पर एसडीआरएफ की टीम तैनात रहेगी. वैसे घाट जो खतरनाक है और जहां एसडीआरएफ की टीम उपलब्ध नहीं कराई जा सकी है उन घाटो पर अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारी की प्रतिनियुक्ति की गई है जो घाट पर श्रद्धालुओं को गहरे पानी मे जाने से रोकेंगे एवं सावधानी पूर्वक पूजा करने की अपील करेंगे. इसके अलावा प्रशासनिक स्तर से सभी छठ घाटो पर गोताखोर एवं एक नाव की व्यवस्था की गई है. दुर्घटना होने की स्थिति में नाव तत्काल सुरक्षा प्रदान करेगी. इन नाव पर लाइफ जैकेट भी उपलब्ध रहेगी.
चार जोन में एसडीआरएफ की टीम की हुई प्रतिनियुक्ति
नवगछिया एसडीओ ने छठ पर्व को लेकर सुरक्षा के मद्देनजर एसडीआरएफ की टीम को चार जोन में बांटा है. एसडीओ डॉ आदित्य प्रकाश ने बताया कि गंगा व कोसी नदी के घाटो को चार जोन में बांट कर एसडीआरएफ की टीम को लगाया गया है. एक टीम कोसी मिल्की घाट पर एक टीम रंगरा व गोपालपुर गंगा घाट पर एक टीम खरीक व इस्माईलपुर गंगा घाट पर एवं एक टीम नारायणपुर व बिहपुर गंगा घाट पर तैनात की गई है. टीम के साथ दो प्रशिक्षित व्यक्ति को भी प्रतिनियुक्ति की गई है. इसके अलावे स्थानीय गोताखोर व नाव सभी घाटो पर रहेगी.
इन खतरनाक घाटो पर रहेगा लाल रिबन, होगी मयकिंग
नवगछिया अनुमंडल पदाधिकारी ने खैरपुर गंगा घाट, नरकटिया गंगा घाट, इस्माईलपुर गंगा घाट, इस्माईलपुर स्पर एक गंगा घाट, महादेवपुर गंगा घाट को खतरनाक गंगा घाट के रूप में चिन्हित किया है. एसडीओ डॉ आदित्य प्रकाश ने बताया कि इन खतरनाक घाटो पर लाल झंडा व लाल रिबन लगाया जाएगा. घाट पर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगो को सावधानी बरतने की अपील की जाएगी. उन्होंने बताया कि महादेवपुर घाट पर होने वाली छठ पूजा घाट खतरनाक होने के कारण आगे बढ़कर पुल के पास अलालपुर में होगी. इसके अलावा एसडीआरएफ की टीम की कमी होने के कारण नरकटिया घाट पर एक अतिरिक्त पुलिस पदाधिकारी सअनी सुंदर कामत की प्रतिनियुक्ति की गई है.
घाट पर नहीं लुटाए प्रसाद
एसडीओ ने पूजा संपन्न होने के उपरांत प्रसाद नही लूटने की अपील की है. इस संबंध में नवगछिया एसडीओ ने प्रतिनियुक्त सभी दंडाधिकारी को आवश्यक दिशा निर्देश दिया है.
एसडीआरएफ को एसडीओ ने दिया निर्देश, घाटो का किया निरीक्षण
नवगछिया अनुमंडल कार्यालय में एसडीओ डॉ आदित्य प्रकाश ने बैठक कर भागलपुर से आई एसडीआरएफ की टीम को अपने कार्य क्षेत्र की जानकारी देते हुए कई आवश्यक दिशा निर्देश दिया. वहीं बुधवार को छठ पूजा की तैयारी का नवगछिया के मिल्की घाट, विजय घाट, अलालपुर घाट का निरीक्षण किया. एसडीओ ने कहा कि त्योहार को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई है. नगर क्षेत्र में नगर पंचायत के द्वारा घाट की सफाई व रोशनी की व्यवस्था की गई है. वहीं ग्रामीण इलाकों के गंगा घाटो पर सफाई का काम पूरा हो गया है. घाट पर रोशनी की व्यवस्था कर ली गई है. एसडीओ ने कहा कि पूजा के इस कार्य मे पंचायत प्रतिनिधि का भरपूर सहयोग मिला है. उन्होंने कहा कि गुरुवार की सुबह सभी घाटो पर बिलीचिंग पाउडर व गेमेक्सिन का छिड़काव करवाया जायेगा.
