नवगछिया : रंगरा अंचल से वर्ष 2016 में बाढ़ राहत मद से बीस लाख रुपए गबन मामले में आशीष इंटरप्राइजेज के मालिक आशीष जायसवाल की गिरफ्तारी को लेकर रंगरा पुलिस ने नवगछिया सहित भागलपुर के उनके कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की. मगर उनकी गिरफ्तारी में पुलिस को कामयाबी नहीं मिल पायी. बताते चलें कि वर्ष 2016 में आई प्रलयंकारी बाढ के दौरान रंगरा अंचलाधिकारी द्वारा प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न राहत शिविरों एवं बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच सूखा राशन वितरण के लिए नवगछिया के आशीष इंटरप्राइजेज को बाढ़ राहत सामग्री की आपूर्ति के लिए का ठेका दिया गया था.
Thank you for reading this post, don't forget to subscribe!सामग्री आपूर्ति के एवज में रंगरा अंचलाधिकारी द्वारा 181405 रुपए का चेक आशीष जायसवाल को दिया गया था. मगर आपूर्तिकर्ता ने बड़ी ही चालाकी से चेक में अंकित राशि के आगे दो अंक जोड़कर 2181405 रुपए का नवगछिया स्थित स्टेट बैंक के मुख्य शाखा से फर्जी तरीके से निकासी कर ली और इस राशि को अपने खाते में ट्रांसफर कर लिया.

अंचल कार्यालय के एक अन्य कर्मचारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर बताया कि आपूर्तिकर्ता को अंचल कार्यालय द्वारा ब्लैंक चेक दिए जाने की बात बताई जा रही है. इस मामले में रंगरा अंचल कार्यालय से लेकर प्रखंड कार्यालय के कई कर्मियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है.
